Uttar Pradesh

संभल हिंसा : जारी पोस्टर में पुलिस को तीन उपद्रवियों की मिली जानकारी

संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई

जो सूचना मिली है उसकी पुष्टि की जाएगी : पुलिस अधीक्षक संभल

मुरादाबाद, 06 मार्च (Udaipur Kiran) । संभल में बीते साल 24 नवंबर को हुए बवाल मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा चस्पा किए गए 74 आरोपित उपद्रवियों के पोस्टर में से तीन उपद्रवियों की जानकारी पुलिस को मिली है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने गुरुवार को बताया कि तीनों उपद्रवियों की जांच पड़ताल पूरी करने के बाद यह स्पष्ट करेगी कि यही आरोपित बवाल में शामिल थे। उसके बाद गिरफ्तार किए जाएंगे।

संभल जिले में विवादित जामा मस्जिद व हरिहरनाथ नाथ मंदिर में 24 नवंबर 2024 को सर्वे के दौरान तीन स्थानों पर हिंसा और बवाल हुआ था। पहला बवाल विवादित जामा मस्जिद के नजदीक हुआ था, जहां पांच लोगों की जान गई थी। दूसरा बवाल नखासा तिराहे पर हुआ था, जहां पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई थी। इसके बाद तीसरी हिंसा हिंदूपुरा खेड़ा में हुई थी। यहां पुलिस के अधिकारियों पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में 75 से अधिक आरोपित गिरफ्तार करके जेल भेज दिए गए हैं जिसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।

वहीं हिंसा में वीडियो और फोटो के आधार पर पहचाने गए करीब 74 फरार आरोपित उपद्रवियों के पोस्टर बीती 14 फरवरी को पोस्टर चस्पा किए गए थे। 19 दिन बाद तीन उपद्रवियों के बारे में पुलिस को सूचना मिली है। पुलिस अधीक्षक संभल का कहना है कि जो सूचना मिली है उसकी पुष्टि की जाएगी। यदि बवाल में शामिल होने की पुष्टि होती है तो गिरफ्तार किया जाएगा।

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि इन तीनों आरोपित उपद्रवियों के नाम और पते की तस्दीक करने में लगी है। इसके बाद ही आरोपित गिरफ्तार किए जाएंगे। सूचना दिए जाने वाले लोगों को पुलिस द्वारा इनाम भी दिया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top