RAJASTHAN

पायलट में नेतृत्व की क्षमता, काबिलियत को सलाम : फाेन टैपिंग बड़ा अनैतिक वाे नेतृत्व के लिए योग्य नहीं : हरीश चाैधरी

पायलट में नेतृत्व की क्षमता, काबिलियत को सलाम : फाेन टैपिंग बड़ा अनैतिक वाे नेतृत्व के लिए योग्य नहीं : हरीश चाैधरी

बाड़मेर, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । बायतु विधायक हरीश चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को लेकर बड़ा बयान दिया है। हरीश चौधरी ने कहा- सचिन पायलट में नेतृत्व की क्षमता है। मैं उनकी काबिलियत को सलाम करता हूं। मैं गठजोड़, ठगजोड़ के साथ कभी नहीं रहा।

एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में चौधरी ने फोन टैपिंग मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा- अगर फोन टैपिंग हुआ है तो बड़ा अनैतिक है। जो व्यक्ति अनैतिक कृत्य करता है, वह नेतृत्व के लिए योग्य नहीं है।

चौधरी ने कहा कि मीडिया ने भ्रम फैलाया, पायलट ने कभी मुख्यमंत्री बनने की बात नहीं की। उन्होंने कभी प्रदेशाध्यक्ष या मंत्री बनाने की भी बात नहीं की। उनकी छवि खराब करने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई। पायलट ने तर्क के आधार पर यह डिमांड रखी थी कि उनके एमएलए और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सचिन पायलट राजस्थान के निर्माण के लिए अपने आपको झोंक रहा है। पैदल चलना पड़ता है तो चल रहा है। वो सरकार के खिलाफ नहीं था, वो मुद्दे के आधार पर था। राहुल गांधी के अनुयायी हैं, नरेंद्र मोदी के अनुयायी नहीं हैं। कांग्रेस के अंदर रहने वाले लोग उनको आदर्श मानते हैं। हम लोग असली कांग्रेस हैं। यह सबको पता है कि कौन इस तरीके का गठजोड़ कर रहा है। मुद्दों के आधार पर राजनीति करो।

फोन टैपिंग पर चौधरी ने कहा कि अगर फोन टैपिंग हुआ है तो बड़ा अनैतिक है। जो व्यक्ति अनैतिक कृत्य करता है, वो व्यक्ति नेतृत्व के लिए योग्य नहीं है। कोई भी व्यक्ति हो, जिस किसी ने फोन टैप किया है। वो योग्य व्यक्ति नहीं है। अब सवाल यह उठता है कि फोन टैपिंग हुई है या नहीं। फोन टैपिंग हुई है तो किसने की है, ये दोनों सवाल हैं। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

हरीश चौधरी ने अपनी सरकार पर बात करते हुए कहा कि कई ऐसे फैसले हुए, जैसे- दूदू को जिला बना दिया, कोई व्यक्ति इस तर्क को स्वीकार करेगा क्या? केवल वाहवाही लेने के लिए यह किया। बायतु जिला बनाने का मुझे किसी ने कहा, अगर मैं बायतु को जिला बना दूं तो तार्किक तौर पर सही था। कई ऐसे फैसले थे। हमारा संविधान क्या कहता है कॉलेबोरेटिव चीजें होनी चाहिए। भैरोंसिंह शेखावत ने जिस दिन बिजनेस रूल्स में फेरबदल किया, उस दिन आगे बढ़ता राजस्थान ठप हो गया। किसी मुख्यमंत्री ने फेरबदल नहीं किया, मैंने वो बात कई बार उठाई।

हरीश चौधरी ने उपचुनाव में हनुमान बेनीवाल से गठबंधन पर कहा कि हमारा राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन हो जाता है। फिर हम लोग उस गठबंधन को भावना के तौर पर मानते हैं। उस समय पर हमारी सोच और ईगो बीच में नहीं आता है। जिस किसी से गठबंधन होगा। उसे ईमानदारी से फॉलो करेंगे। अगर 5 सीटों पर गठबंधन पर सहयोगी लड़ेंगे तो पूरी ताकत से उनकी मदद करेंगे। गठबंधन से नहीं लड़ेंगे तो हमारी पार्टी का जो प्रत्याशी होगा, उसका पूरी ताकत से सहयोग करेंगे।

(Udaipur Kiran) / डॉ राजीव जोशी

Most Popular

To Top