
लखनऊ, 29 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के विरोध में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गांधी प्रतिमा, हजरतगंज में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आरपीआई पदाधिकारियों ने भारत सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कठोर एक्शन की मांग की एवं इस हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
आरपीआई प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता के निर्देश पर आरपीआई लखनऊ महानगर एवं महिला मोर्चा ने कसमंडा स्थित प्रदेश कार्यालय से लेकर गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष एलबी यादव ने कहा कि ये हमला पूरे भारत की शांति एवं एकता को चुनौती देने वाला कृत्य है। ऐसे आतंकी हमलों के पीछे छिपे आतंकी संगठनों और उनका समर्थन करने वालों को कठोर संदेश देना समय की मांग है। हम भारत सरकार से माँग करते हैं कि इस बार आतंकियों और उनको संरक्षण देने वालों के ख़िलाफ़ ऐसी कार्यवाही हो कि आतंकवाद हमेशा के लिए कभी अपना फन न उठा सके।
महिला मोर्चा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शानू मल्ल कौशल ने कहा कि पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला हमारे देश की संप्रभुता और शांति के ख़िलाफ़ किया गया निंदनीय कृत्य है। इस हमले के ख़िलाफ़ आज पूरा देश एकजुट है। सरकार आतंकवादियों और इनको संरक्षण देने वालों के ख़िलाफ़ कभी न भूलने वाली कार्यवाही करे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान लखनऊ मंडल प्रभारी शिक्षा प्रकोष्ठ सरोज पांडे, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आरके गौतम, महिला प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष नसीमा कुरैशी, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष लखनऊ महानगर हिमांशु जायसवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ चांदनी कपूर, प्रदेश महामंत्री सुमन जायसवाल, प्रदेश मंत्री राजेश कुमार सहित तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
