
बांसवाड़ा, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय नव वर्ष के अवसर पर गायत्री मंडल द्वारा वनेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित पीतांबरा आश्रम में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह नव वर्ष अभिनंदन समारोह गायत्री मंडल और नटवरानंदी वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि बड़े रामद्वारा के संत एवं आध्यात्मिक चिंतक रामप्रकाश रामस्नेही महाराज थे, जबकि अध्यक्षता गायत्री मंडल के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व आयुक्त दिलीप गुप्ता ने की। कार्यक्रम में फाउंडेशन के संरक्षक राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मारुति अनुष्ठान के अंतर्गत हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई तथा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। समारोह में फाउंडेशन के अध्यक्ष महेंद्र त्रिवेदी, सचिव रजनीश गुप्ता, प्रिंस पटेल, डॉ. प्रियंका कटारा, गायत्री मंडल के उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, सचिव विनोद शुक्ला, एडवोकेट यशपाल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन गायत्री मंडल के कार्यकारिणी सदस्य अनंत जोशी ने किया।
संत रामप्रकाश रामस्नेही महाराज ने भारतीय नव वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और इसकी सनातन परंपराओं के प्रति आस्था और दृढ़ विश्वास ही समाज का मूल आधार है। उन्होंने इसे वैश्विक जागरूकता का शुभ संकेत बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधों की पूजा-अर्चना से हुई। वैदिक मंगल ऋचाओं एवं प्रकृति पूजन मंत्रों के बीच संत रामप्रकाश महाराज ने पौधारोपण कर नटवरानंदी वेलफेयर फाउंडेशन के ‘हरियाली से खुशहाली—एक पौधा अवश्य लगाएं’ अभियान का शुभारंभ किया। सभी उपस्थितजनों ने वैदिक, पौराणिक और औषधीय महत्व के पौधे लगाकर इनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्य सज्जन सिंह राठौड़, अशोक शाह, ऋषि मेहता, अनित शर्मा, चंदा सीता डामोर, गणेश सिसोदिया, दीपक राठौड़, निशांत सेवक, देशपाल सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. नरेन मैड़ा, हिमानी जोशी, गोविंद अग्रवाल, नयना जैन, चंदनबाला परिहार, चंद्रिका राव और नीलेश उपाध्याय सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान के तहत प्रत्येक माह एक पौधा लगाने का संकल्प लिया गया। इस वर्ष वृक्षारोपण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
