
मौसम हुआ सुहाना,वाहनों की रफ्तार पड़ी धीमी
झांसी, 11 मई (Udaipur Kiran) । रविवार की दोपहर आसमान में अचानक काले बादल छा गए। दोपहर बाद महानगर में तेज आंधी के साथ अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गई। तेज अंधड़ और जोरदार बारिश ने महज करीब आधा घंटे में नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। सड़कें तालाबों में परिवर्तित हो गई। इसके इतर मौसम सुहाना हो गया। जिसके चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि इसके चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त भी हुआ वहीं कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई।
रविवार की सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे । रह रहकर शीतल हवा बह रही थी। मौसम विभाग पहले ही आगामी पांच दिन तक मौसम बदलते रहने की घोषणा कर चुका है। इसके चलते प्रदेश के तमाम जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की भी सूचनाएं मिल रही हैं। दोपहर के बाद महानगर में भी तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश 20 से 30 मिनट तक ही हुई। लेकिन इतनी सी बारिश ने नगर की सड़कों को तालाबों में बदल दिया। जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 70 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रही थी। चारों ओर धूल का गुब्बार था। कहीं पेड़ उखड़ गए तो कहीं होर्डिंग्स फट गए। आसमान में बादल गरजते रहे। मौसम का मिजाज बिगड़ता देख लोग भींगते हुए भी अपने घर की ओर भागे। जबकि बारिश होने से तेज गर्मी में राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी कुछ दिन तक मौसम ऐसे ही करवटें बदलता रहेगा, ऐसा मौसम विभाग का पहले ही अलर्ट जारी हो चुका है।
—————
(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया
