
कानपुर, 18 जनवरी (Udaipur Kiran) । पनकी थाना क्षेत्र के गंगागंज इलाके में कारोबारी राजू चौहान के बेटे राहुल पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपित शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि उसके दो साथी सागर सिंह और अभय यादव अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन दोनों पुलिस ने शुक्रवार देर रात 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
गंगागंज इलाके में रहने वाले राहुल चौहान मंगलवार की शाम अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी दो बाइकों पर आए नकाबपोश बदमाशों ने राहुल पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। यह गोली उनके गले को छूते हुए निकल गयी थी। गोलीकांड की यह सारी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गयी। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सात आरोपितों की पहचान करते हुए शुक्रवार देर शाम ऐश्वर्य शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि सागर सिंह के कहने पर अभय यादव ने गोली चलाई थी क्योंकि आरोपति सागर और पीड़ित राहुल के बीच पुराना विवाद था। अब पुलिस ने आरोपित सागर सिंह और अभय यादव पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पनकी थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना में शामिल मुख्य आरोपितों पर इनाम घोषित कर दिया गया है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / Rohit Kashyap
