Madhya Pradesh

रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हेमू कालाणी की प्रतिमा का किया अनावरण

रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हेमू कालाणी की प्रतिमा का किया अनावरण
बसामन मामा गौवन्य विहार में 75 लाख के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण

भोपाल, 27 जनवरी (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार देर शाम रीवा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा का अनावरण किया। हेमू कालाणी की प्रतिमा शहर में स्वागत भवन के पास स्थापित की गई है। इस चौक का नाम अब हेमू कालाणी चौक होगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि हेमू कालाणी भारत माता के सच्चे सपूत थे। हमारा देश शहीदों के प्रति कृतज्ञ है। इन्हीं के दम पर ही हमें आजादी मिली है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि हेमू कालाणी ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। 23 मार्च 1923 को सिंध प्रांत में जन्में भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी हेमू कालाणी 21 जनवरी 1943 को शहीद हो गए। उनके जीवन का अधिकांश समय भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष में बिताया। उनके मन में बचपन से ही देशप्रेम की भावना थी और स्वतंत्रता का जुनून सवार था। हेमू कालाणी की शहादत ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को एक नई दिशा दी। उनकी बहादुरी और बलिदान को आज भी याद किया जाता है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि हमारा देश पुन: सोने की चिड़िया बनेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्वगुरू बनाने में सभी अपना योगदान दें। अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष सरदार प्रहलाद सिंह एवं हुकूमत राय होतवानी सिंधी समाज के संतजन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बसामन मामा गौवन्य विहार में 75 लाख के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को रीवा के बसामन मामा गौवंश वन्य विहार परिसर में जनभागीदारी से 75 लाख रुपये की लागत से कराए गए नवीन कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें गायों को रखने के लिए परिसर में नवनिर्मित चार शेड, वन्य विहार के अंदर 330 मीटर लंबी व 5 मीटर चौड़ी सीसी रोड सहित अन्य कार्य लोकार्पित कार्यों में शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बसामन मामा गौवंश वन्य विहार को आदर्श वन्य विहार के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें निराश्रित और बीमार गौवंश को आश्रय और सुरक्षा देने के साथ रोजगार के नये अवसर भी मिल रहे हैं। गोबर से गोकाष्ठ, गोनाइल और जैविक खाद बनायी जा रही है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने परिसर का भ्रमण कर वन्य विहार में किये जा रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने गौवंश वन्य विहार में गौपूजन भी किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top