

– खोखम बस्ती वालों को 2.38 करोड़ की सड़क की सौगात मिली हैः उप मुख्यमंत्री
रीवा, 09 फरवरी (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को नगर निगम के वार्ड क्रमांक चार चोरहटा में अनुसूचित जाति बस्ती खोखम में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया। नगर निगम द्वारा कायाकल्प योजना से बनाई जा रही इस रोड की लागत दो करोड़ 38 लाख 87 हजार रुपये है। इसकी कुल लंबाई 3590 मीटर है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मैं खोखम बस्ती वालों को दो करोड़ 38 लाख रुपए की सड़क की सौगात देने आया हूं। इस बस्ती में 6 माह में चार मीटर चौड़ाई की सीसी रोड का निर्माण हो जाएगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र का विकास भी होगा। इस सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री जी द्वारा विधायक क्षेत्र विकास निधि से रीवा के लिए स्वीकृत 19 करोड़ रुपये की राशि से किया जा रहा है। हमारी सरकार जनता से पूछकर उनकी इच्छा के अनुसार विकास के कार्य कर रही है। खोखम बस्ती में अधोसंरचना विकास के सभी कार्य कराए जाएंगे। इस सड़क के निर्माण के लिए यहाँ के पार्षद दारा सिंह जी ने विशेष प्रयास किया। उन्हें मैं सड़क निर्माण के लिए बधाई देता हूँ।
समारोह में नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह ने सड़क निर्माण का तकनीकी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ सौरभ सोनवड़े, पार्षदगण राजगोपाल मिश्रचारी, डीएन शुक्ला, जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने भैरवनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को गुढ़ क्षेत्र का भ्रमण करते हुए भैरवनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उप मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मंदिर का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहाड़ पर चतुर्भुजधारी भगवान भैरवनाथ की प्रतिमा खुले में पड़ी हुई थी। बदवार में सोलर प्लांट की स्थापना के बाद उसके सीएसआर मद से भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है। इसके समीप ही गौशाला का भी निर्माण किया जा रहा है जिसमें पाँच हजार से अधिक गायों को आश्रय मिलेगा। इन दोनों कार्यों का अगले माह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव लोकार्पण करेंगे।
(Udaipur Kiran) तोमर
