
गंगटोक, 25 अप्रैल (Udaipur Kiran) । उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग से पर्यटकों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुक्रवार से सांकलांग में नवनिर्मित बेली ब्रिज के माध्यम से शुरू हो गई है। चुंगथांग में फंसे पर्यटकों को लेकर वाहन सांकलांग बेली ब्रिज को पार कर मंगन के रास्ते गंगटोक की ओर आ रहे हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के बाद कल शाम को लाचेन और लाचुंग जाने वाली सड़कें बंद हो गई थीं। इसके कारण पर्यटन स्थलों की सैर करने गए 1000 से अधिक पर्यटक सड़क मार्ग बंद होने के कारण फंस गए थे।
भारतीय सेना की त्रि-शक्ति कोर द्वारा हाल ही में निर्मित बेली ब्रिज का कल उद्घाटन किया गया था। मंगन जिले के जिलापाल अनंत जैन और पुलिस अधीक्षक सोनाम डी. भोटिया ने आज सांकलांग पहुंच कर स्थिति पर नजर रखी। सांकलांग में स्थिति का अवलोकन करने के बाद जिलापाल अपनी टोली के साथ आगे की आकलन के लिए चुंगथांग रवाना हो गए।
जिलापाल जैन ने बताया कि कल भारी बारिश के कारण लाचेन और लाचुंग जाने वाली सड़क बंद हो गई थी। इसके कारण पर्यटक दो स्थानों पर फंस गए। चुंगथांग में फंसे पर्यटक गंगटोक लौट रहे थे। आज उन्हें सांकलांग बेली ब्रिज से भेजने का काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि चुंगथांग से पहले फंसे पर्यटक लाचेन और लाचुंग जा रहे थे। उन्हें स्थानीय गुरुद्वारा, आईटीबीपी शिविर और स्थानीय लोगों द्वारा आश्रय प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें ग्रेफ के माध्यम से पता चला है कि आज शाम तक लाचुंग के लिए सड़क खोलने के प्रयास चल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के कारण हुई भूस्खलन के बाद कल शाम को लाचेन और लाचुंग जाने वाली सड़कें बंद हो गई थीं। पर्यटन स्थलों की सैर करने गए 1000 से अधिक पर्यटक सड़क मार्ग बंद होने के कारण फंस गए थे।
मंगन जिला प्रशासन ने बताया है कि यात्रियों की निर्बाध आवाजाही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहाली कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लाचुंग और लाचेन में फंसे पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। लाचुंग और लाचेन में फंसे पर्यटकों को अपने होटलों में ही रहने को कहा गया है। सड़क साफ होते ही उन्हें गंगटोक लाया जाएगा।————-
(Udaipur Kiran) / Bishal Gurung
