
कोटा, 27 मार्च (Udaipur Kiran) । रेलवे विभाग के कोटा मंडल में मार्च 2025 में आयु सीमा पूर्ण करने वाले 18 रेल कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिल कालरा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति पर गोल्ड मेडल प्रदान किया।
कोटा मंडल के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए 18 कर्मचारियों में मुख्य कार्यालय अधीक्षक महताब आलम काजी एवं किशोर कपूर, मुख्य लोको निरीक्षक, वरिष्ठ तकनीशियन, ट्रैकमैन, मुख्य कंट्रोलर और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत कर्मचारी शामिल थे।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेज जैसे – पेंशन पे ऑर्डर, सेवा प्रमाण पत्र, सेवा रिकॉर्ड की सॉफ्ट कॉपी, पहचान पत्र, मेडिकल कार्ड, कंपोजिट ट्रांसफर ग्रांट भत्ता, पास आवेदन और प्राधिकार पत्र प्रदान किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने अपने उद्बोधन में सभी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति राशि का सदुपयोग करने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने रेलवे के प्रति उनके समर्पण, निष्ठा और अतुलनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक आर.के. प्रजापत, मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी विद्या भूषण भारती, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / राजीव
