RAJASTHAN

राज्यों के निवासी अपने प्रांत, जिले और मूल ग्राम से जुड़े रहकर वहां के विकास में सहभागी बने:राज्यपाल

राजभवन में गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह आयोजित

जयपुर, 1 मई (Udaipur Kiran) । राजभवन में गुरुवार को गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इस दौरान इन राज्यों के स्थानीय निवासियों से संवाद कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

राज्यपाल बागडे ने गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और हिमाचल के इतिहास और संस्कृति की चर्चा करते हुए कहा कि यहां के निवासी जहां भी रहें, उन्होंने अपनी परम्पराओं को कायम रखा है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के लोग राजस्थान में नौकरी की वजह से आते हैं परन्तु राजस्थान के उद्यमियों ने दूसरे राज्यों में जाकर उद्योग—धन्धे स्थापित कर राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को सुदृढ करने में महती भूमिका निभाई है। उन्होंने राज्यों के निवासियों से अपने प्रांत, जिले और ग्राम से निरंतर लगाव रखने, जड़ो से जुड़े रहने और वहां के स्थानीय विकास में भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारत विविधता में एकता की संस्कृति वाला राष्ट्र है। राज्यों के स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य यही है कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को व्यवहार में सफलीभूत होते हम देख सकें। उन्होंने पीओके और तत्कालीन सैन्य स्थितियों के साथ राष्ट्र प्रेम के लिए किए कार्यों का भी स्मरण किया। उन्होने राष्ट्रोत्थान में सभी को मिलकर भूमिका निभाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्कल रंजन साहू ने ओडिशा राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए वहां की संस्कृति और राजस्थान में ओडिशा वासियों के योगदान की चर्चा की। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी देवाशीष पुष्टि, विष्णु चरण मलिक, पूर्व अधिकारी जे.सी. मोहन्ती ने भी विचार रखे। हिमाचल प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के निवासियों ने अपने अपने प्रांत और राजस्थान से जुड़ाव पर जानकारी दी। राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने आरंभ में सभी राज्यों के निवासियों से संवाद करते हुए अभिनंदन और स्वागत किया।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top