
—महिला कल्याण संगठन ने मई दिवस के उपलक्ष में किया सम्मान,निभाई सामाजिक सरोकार की भूमिका
वाराणसी,13 मई (Udaipur Kiran) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में बरेका महिला कल्याण संगठन ने 20 साल की सेवा पूर्ण करने वाले 16 कर्मठ चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सम्मानित किया। इसमें से कुछ कर्मी अब सेवानिवृत्ति के समीप हैं। श्रम और समर्पण भावना को सम्मानित करने की पहल से कर्मचारी बेहद खुश दिखे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हीमा सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, इन श्रमिकों के समर्पण और अनुशासन से ही बरेका की नींव मजबूत बनी है। यह संगठन सदैव अपने श्रमिक बंधुओं के कल्याण और उत्साहवर्धन हेतु प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में सुजाता सिंह ने बांसुरी वादन से वातावरण को मधुरता से भर दिया, जबकि अन्य सदस्यों ने भावपूर्ण कविता पाठ से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त, संगठन की सदस्याओं ने समूह गायन से श्रम की गरिमा का भी बखान किया। कार्यक्रम में संगठन की उपाध्यक्षा गौरी श्रीवास्तव, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्याएं गुरमीत कौर, प्राची मित्तल, चित्रा सिंह, श्वेता श्रीवास्तव, शिखा जैन, राखी गुप्ता, अनुप्रिया सिंह, प्रियंका प्रसाद, अंजू गुप्ता, आदिश्री गुप्ता, अर्चना तिवारी तथा ऋचा कारीढाल की भी मौजूदगी रही।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
