
कोलकाता, 21 मई (Udaipur Kiran) । यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा के मद्देनज़र कोलकाता मेट्रो ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। रविवार, 25 मई को कवि सुभाष से दक्षिणेश्वर तक की मेट्रो सेवाएं आम दिनों की तुलना में दो घंटे पहले सुबह सात बजे से शुरू की जाएंगी।
मेट्रो प्रशासन के मुताबिक, आमतौर पर सप्ताहांत में मेट्रो सेवाएं सुबह नौ बजे शुरू होती हैं, लेकिन परीक्षा को देखते हुए इस रविवार सुबह सात बजे से ही मेट्रो चलेंगी। शुरुआती दो घंटों के दौरान—यानी सुबह सात से नौ बजे तक—हर 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके बाद सामान्य शेड्यूल के अनुसार मेट्रो चलेगी।
इस दिन अप और डाउन दोनों दिशाओं में कुल 138 मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। कवि सुभाष से दक्षिणेश्वर, नोआपाड़ा और दमदम रूट पर यात्रियों को सुबह से ही सेवा उपलब्ध रहेगी।
रात की अंतिम मेट्रो सेवा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कवि सुभाष से दक्षिणेश्वर के लिए अंतिम मेट्रो रात 9:27 बजे, और दक्षिणेश्वर से कवि सुभाष के लिए अंतिम मेट्रो रात 9:33 बजे चलेगी। कवि सुभाष से दमदम की अंतिम मेट्रो रात 9:40 बजे रवाना होगी।
मेट्रो प्रबंधन ने छात्रों और उनके परिजनों से अनुरोध किया है कि वे समय का ध्यान रखें और जल्द से जल्द स्टेशन पहुंचें ताकि परीक्षा में कोई बाधा न आए।
(Udaipur Kiran) / अनिता राय
