Bihar

रक्सौल की बेटी रिया राज बनीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी,पहले प्रयास में ही मिली सफलता

रिया अपने माता पिता के साथ

पूर्वी चंपारण,30 जनवरी (Udaipur Kiran) ।बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) और अनुमंडल कृषि पदाधिकारी की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में रक्सौल के ब्लॉक रोड निवासी व्यवसायी महेश प्रसाद गुप्ता और सबिता देवी की पुत्री रिया राज ने सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

रिया मूल रूप से रक्सौल के जोकियारी गांव की निवासी हैं और उन्होंने अपने दादा स्व. पारस प्रसाद से कृषि के प्रति प्रेरणा ली। उनकी प्रारंभिक शिक्षा रक्सौल और दानापुर में हुई। उन्होंने 2013 में विद्या निकेतन, दानापुर से 92% अंकों के साथ, 10वीं और 2015 में कैराली स्कूल, रांची से 87% अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण की। इसके बाद, बिहार कॉम्बाइंड एंट्रेंस एग्जाम पास कर उन्होंने बिहार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, भागलपुर से 2020 में बीएससी एग्रीकल्चर (87%) और फिर सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, मेघालय से 2022 में एमएससी एग्रीकल्चर (88%) पूरा किया। वर्तमान में वे भागलपुर में पीएचडी कर रही हैं।रिया ने अपने पहले ही प्रयास में 103वीं रैंक हासिल कर प्रखंड कृषि पदाधिकारी के पद पर चयनित हुईं।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते कहा कि उनका उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारना और कृषि में नये तकनीकों को बढ़ावा देना है।रिया की इस उपलब्धि से पूरे रक्सौल में गर्व का माहौल है। पिता महेश प्रसाद गुप्ता और माता सबिता देवी ने कहा कि रिया बचपन से ही मेहनती और मेधावी थी। उनके भाई डॉ. आदित्य गुप्ता (एमबीबीएस) और बहन प्राची गुप्ता (एमबीए) ने भी खुशी जताई।रिया की सफलता पर रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, संभावना संस्था के अध्यक्ष भरत प्रसाद गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ज्योति राज गुप्ता, नगर अध्यक्ष मंटू गुप्ता समेत कई गणमान्य लोगों ने रिया को बधाई दी है।

(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार

Most Popular

To Top