
जयपुर, 3 मई (Udaipur Kiran) । रवि पुष्य नक्षत्र में रविवार को प्रथम पूज्य भगवान गणेशजी महाराज का अभिषेक किया जाएगा। नवीन पोशाक धारण कराकर अथर्वशीर्ष मंत्रों से मोदक अर्पित किए जाएंगे। गढ़ गणेश मंदिर में महंत प्रदीप औदीच्य के सान्निध्य में पुरुषाकृति बाल गणपति का वेद मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर फूलों की पोशाक धारण कराई जाएगी।
मोतीडूंगरी गणेशजी मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में सुबह 8 बजे भगवान श्री गणेश जी महाराज का 151 किलो दूध, 21 किलो दही, सवा पांच किलो घी, 21 किलो बूरा, शहद एवं केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र एवं गुलाब इत्र से अभिषेक किया जाएगा। भगवान का गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल से अभिषेक कर पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। गंगाजल से शुद्ध स्नान कराकर 11 बजे श्री गणपति सहस्त्रनाम से 1001 मोदक अर्पित किए जाएंगे। फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। भगवान के विशेष भोग खीर का लगेगा। रवि पुष्य नक्षत्र में चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में महंत पं. अमित शर्मा के सान्निध्य में रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से पुष्याभिषेक किया जाएगा। ब्रह्मपुरी, सूरजपोल, बड़ी चौपड़, गलता गेट, दिल्ली रोड, झोटवाड़ा, चौड़ा रास्ता सहित अन्य स्थानों पर स्थित गणेश मंदिरों में भी रवि पुष्य नक्षत्र में पुष्याभिषेक होगा
—————
(Udaipur Kiran)
