Chhattisgarh

धान फसल पर चूहों व वन मुर्गी का हमला, किसान परेशान

ग्राम पंचायत देमार के खेत में तैयार हो रही धान फसल इस तरह से हो रही क्षतिग्रस्त।

धमतरी, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) ।धमतरी शहर से सीमा से लगे हुए ग्राम पंचायत देमार, उसलापुर परेवाडीह सहित अन्य गांव के किसान इन दिनों वन मुर्गी और चूहों द्वारा धान के तैयार पौधों को नुकसान किए जाने से परेशान हैं। किसानों ने निरीक्षण कर प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत देमार, उसलापुर परेवाडीह सहित अन्य गांवों की आठ से 10 एकड़ फसल को क्षेत्र में घूम रही वन मुर्गी से प्रभावित है। झुंड के झुंड ये वन मुर्गियां धान की तैयार हो रही बालियों की जड़ को काट देती है। किसान विश्राम यादव, शत्रुघन कोसरे सहित अन्य किसानों ने बताया कि धान के तैयार हो रहे पौधों की जड़ों को काट दिए जाने से पौधे सूखने लगे हैं। किसान जीवनराखन पटेल, विजय साहू, मनीराम साहू, राजकुमार बंजारे, बल्लू साहू ने बताया कि वन मुर्गियाें व चूहे के कारण धान की फसल को काफी नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्र के कई किसानों की धान फसल इसके चलते खराब हो गई है। इसकी शिकायत विभाग में की गई है। किसान क्लब देमार अध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को क्षेत्र के किसानाें की समस्या का मैदानी स्तर पर आकर निरीक्षण करना चाहिए। इस संबंध में ग्रामीण् विकास अधिकारी सुनील तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के किसानों से खरीफ फसल के रूप में तैयार हो रही धान फसल को वन्य जीव जंतुओं से नुकसान की जानकारी मिली है। शासन के दिशानिर्देशानुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

खेतो में चूहों के फसल काटने से किसान चिंतित

मौसम खुल जाने के बाद अब धान के पौधों में तना छेदक तथा ब्लास्ट जैसे रोग के लिए कीटनाशक दवाई छिड़काव किसान कर चुके हैं, लेकिन चूहों का फसल काटना किसानों के लिए चिंता का विषय बन चुका है। गर्मी फसल में मात खाए किसानों को बरसात के फसल से काफी उम्मीद है परंतु चूहों के उत्पात से किसान परेशान है। जिले के कई विकासखंडों में इस प्रकार की शिकायत सामने आ रही है। तनाछेदक एवं ब्लास्ट से पौधों को बचाने के लिए आवश्यक कीटनाशक दवाइयां का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन चूहों के फसल काटने से अभी भी चिंता बनी हुई है। गिरौद के किसान नारायण साहू, लुकेश साहू, देवेंद साहू, भोलाराम साहू ने बताया कि चूहों ने सभी किसानों को दुविधा में डाल दिया है। किसान देवेंद्र साहू ने बताया कि धान की फसल लगाने के बाद पहली बार चूहों का उत्पात हुआ है। कीटनाशक और चूहा नाशक दवा के बाद दवा के बाद प्रयोग के बावजूद भी चूहों का उत्पात कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। धान की बालियां कुछ ही दिनों में निकलने वाले है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top