
जयपुर, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 के साक्षात्कार 21 अप्रैल से शुरू किए जाएंगे। इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम समय पर जारी किया जाएगा।
आयोग सचिव ने बताया कि इस भर्ती के अन्तर्गत प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में सफल रहे 19355 अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन 20 एवं 21 जुलाई 2024 को किया गया था। मुख्य परीक्षा का परिणाम दाे जनवरी 2025 को जारी कर दाे हजार 168 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में सफल घोषित किया गया था। इन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का आयोजन निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाएगा। इस संबंध में अभ्यर्थियों को सूचना उपयुक्त माध्यमों से दे दी जाएगी। अपडेट जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट का समय-समय पर अवलोकन कर सकेंगे।
आयाेग ने भर्ती का विज्ञापन 28 जून 2023 को जारी कर कुल 905 पद (राज्य सेवाएं 424 एवं अधीनस्थ सेवाएं 481) के लिए अभ्यर्थियों से एक जुलाई से 31 जुलाई 2023 तक आवेदन लिए थे। कार्मिक (क-4/2) विभाग से प्राप्त नवीन वर्गवार वर्गीकरण एवं निर्देशानुसार पदों की कुल संख्या 972 (राज्य सेवाएं 491 एवं अधीनस्थ सेवाएं 481) करने के संबंध में शुद्धि-पत्र संख्या 6/2023-24 दिनांक 19 अक्टूबर 2023 को जारी किया गया था।
भर्ती अन्तर्गत कुल पंजीकृत छह लाख 96 हजार 969 अभ्यर्थियों के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन एक अक्टूबर 2023 को प्रातः 11 से दोपहर 2 बजे तक किया गया। परीक्षा में कुल चार लाख 57 हजार 927 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। परीक्षा समाप्ति के बाद आयोग द्वारा सायंकाल मॉडल उत्तरकुंजी जारी की गई। इस मॉडल उत्तरकुंजी पर दाे से चार अक्टूबर 2023 तक परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई थी। प्राप्त आपत्तियों के परीक्षण उपरांत 20 अक्टूबर 2023 को आरएएस (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 का परिणाम जारी किया गया था।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
