Chhattisgarh

जांजगीर में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, पुलिस जांच  में जुटी

जांजगीर चाम्पा/रायपुर, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । जिला मुख्यालय जांजगीर में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आयी है। बच्ची को घायल अवस्था में बीती रात जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है । घटना की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एडिशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल जिला अस्पताल पहुंचे थे। मामले में पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपित के बारे में कुछ पता नहीं चला है।

जांजगीर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने इस मामले में दिए गये अपने बयान में बताया है कि जांजगीर चाम्पा जिला मुख्यालय के वार्ड 25 में शनिवार की शाम करीब सात बजे कचरे की ढेर के पास बेहोशी की स्थिति में दो साल की मासूम बच्ची मिली। वह खून से लथपथ थी। बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका के बीच डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची । पुलिस ने बच्ची को गंभीर स्थिति में उपचार के लिए फौरन जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया है। बच्ची की डॉक्टर विशेष निगरानी में उपचार कर रहे हैं। इस मामले में परिजनों ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना जांजगीर में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top