उन्नाव, 28 मई (Udaipur Kiran) । नई पीढ़ी को इतिहास की सही जानकारी दी जानी चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य है कि देश को प्रथम मानने के बजाय उससे इतर ध्येय रखने वालों ने हमारे देश के मूल इतिहास को नेपथ्य में ढकेलकर विद्यार्थियों को अब तक छद्म इतिहास पढ़ाने का काम किया गया जिसे अब सुधारा जा रहा है । उक्त विचार नगर के एक रिसार्ट में आयोजित पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने व्यक्त किये।
उन्होंने कहा माता अहिल्याबाई ने स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति विरासतों और मंदिरों के पुनर्निर्माण के लिए अनेक कार्य किए। काशी विश्वनाथ सोमनाथ जैसे ज्योतिर्लिंगों सहित अनेक मंदिरों पुनरोद्धार उन्हीं की देन है। उनके आदर्श न्याय प्रिय शासन आधारित इतिहास को घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यक्रम में सभी आए हुए लोगों की है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारे धर्म ग्रंथों में पुण्यश्लोक की उपाधि भगवान विष्णु और अहिल्या बाई होलकर जी को मिली है अगली पुण्यश्लोक की उपाधि यदि किसी को मिलेगी तो वह नरेंद्र मोदी होंगे। जिन्होंने माता अहिल्या बाई जी से प्रेरणा लेकर ज्योतिर्लिंग काशी विश्वनाथ महाकालेश्वर और केदारनाथ जैसे मंदिरों का पुनर्निर्माण करवाया। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के कार्यों में रानी अहिल्याबाई होल्कर की छवि है।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की उन नारियों में हैं जिन्होंने नारी शक्ति, प्रशासनिक दक्षता और धर्म परायणता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। भाजपा की डबल इंजन की सरकार महिलाओं के लिए और भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि अहिल्या बाई ने गौहत्या पर रोक लगाई पशुपालन पर जोर दिया। कृषि व्यवस्था में सुधार किया कृषि के लिए नवाचार किए। आज के स्वयं सहायता समूह उन्ही की सोच है।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने महिलाओं को सेना में भर्ती कर मुगलों के छक्के छुड़ाए, और उन्हीं से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 56 इंच के सीने के साथ ऑपरेशन सिंदूर चला आतंकियों को ट्रेनिंग देने वाले आतंक की योजनाएं बनाने वाले के 9 अड्डों को तबाह कर दिया।
उन्होंने इसके लिए कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को चुना जिन्होंने भारतीय सेना के शौर्य की गाथा दुनिया को बताई।हमारे देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं को सुरक्षा चाक चौबंद है ऑपरेशन सिंदूर से मोदी जी ने यह बता दिया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत जिला पंचायत अध्यक्षा शकुन सिंह व उनके पुत्र शनि सिंह के अलावा विधायक पंकज गुप्ता, श्रीकांत कटियार, बृजेश रावत, बंबा लाल दिवाकर, आशुतोष शुक्ला, अनिल सिंह, अनुसूचित मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष भगवती प्रसाद रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी, महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, जिला कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल, उन्नाव नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / अरुण कुमार दीक्षित
