HimachalPradesh

रानी अहिल्याबाई होलकर ने भारत और भारतीयता को दिया नया आयाम : जयराम ठाकुर

सिंदूर यात्रा में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर

मंडी, 22 मई (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बल्ह में आयोजित रानी अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान में कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने भारतीय संस्कृति, नारी सशक्तिकरण और धर्म के पुनरुत्थान को नया आयाम दिया। वे एक कुशल प्रशासक, न्यायप्रिय शासिका और समाज सुधारक थीं। उन्होंने 18वीं शताब्दी में मालवा क्षेत्र पर शासन करते हुए महिलाओं की दशा सुधारने, शिक्षा को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए।

ठाकुर ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने नारी नेतृत्व की मिसाल पेश की, जब समाज में महिलाओं को सती होने पर मजबूर किया जाता था। उनके ससुर ने उन्हें सती होने से रोका और कहा कि वह समाज को दिशा देने के लिए जन्मी हैं। इसके बाद उन्होंने समाज सेवा, धर्मपरायणता और प्रशासनिक कुशलता से अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा दिया, बाल विवाह के खिलाफ अभियान चलाए और कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना की।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सेना तक में पुरुषों के समकक्ष खड़ी हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दो महिला सैन्य अधिकारियों की भागीदारी इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है। सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर 100 से अधिक आतंकवादियों को मारा और ब्रह्मोस मिसाइल का प्रयोग कर देश की ताकत का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ माता शिकारी देवी मंदिर में हाजिरी भी भरी और स्थानीय नेचर पार्क का दौरा किया।

इस बीच, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परिणामों में हुई गंभीर लापरवाही को लेकर जयराम ठाकुर ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में पास होने के बावजूद एक बच्ची को फेल कर दिया गया, जिससे वह जहरीला पदार्थ खा बैठी। बच्ची की हालत गंभीर है। ठाकुर ने कहा कि यह सिर्फ मानवीय चूक नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top