

बलरामपुर, 6 अप्रैल (Udaipur Kiran) । रामनवमी के पावन पर्व पर बलरामपुर जिले के रामानुजगंज आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। आज सुबह होते ही मंदिरों की घंटियों की गूंज और श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे क्षेत्र को एक आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। जय श्रीराम के जयघोष से गूंजते वातावरण में भक्तों की भक्ति देखते ही बन रही थी।
सैकड़ों रामभक्तों ने ताशा-बाजा, ढोल-नगाड़ों और भगवा पताकाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। पारंपरिक परिधानों में सजे युवाओं की टोली ने मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इन झांकियों में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
शोभायात्रा की शुरुआत रामानुजगंज हनुमान मंदिर से हुई। इसके बाद विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए गांधी मैदान तक पहुंची। इधर, नगर के प्राचीन राम मंदिर में विशेष पूजन, हवन के साथ साथ भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों ने दीप जलाकर प्रभु श्रीराम से समृद्धि, शांति और सद्भाव की कामना की।
प्रशासन ने भी इस आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रही और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रामनवमी के इस शुभ अवसर पर पूरा नगर भक्तिमय और शांतिपूर्ण माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उमंग और उत्साह साफ झलक रहा था। सभी ने श्रीराम के आदर्शों पर चलने और समाज में प्रेम, सेवा व भाईचारे का संकल्प लिया।
(Udaipur Kiran) / विष्णु पाण्डेय
