Chhattisgarh

किसान हो रहे शोषित, आय नहीं कर्जा दुगुना हुआ है : राकेश टिकैत

राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को हल भेंट करते हुए किसान यूनियन के पदाधिकारी गण।

धमतरी, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । शहर के गांधी मैदान में 19 मार्च को किसानों की सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानूनी गारंटी लागू करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ किसान यूनियन जिला धमतरी ने किसान पंचायत का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसानाें को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की आय नहीं कर्जा दुगुना हुआ है। तीन सालों में किसानों के ऊपर कर्जा बढ़ा है। किसानों की आय दुगुनी नहीं हुई। जमीन छीनने का प्लान दुगुना हो गया है।उन्होंने आगे कहा कि सड़कों के नजदीक की सब जमीन व्यापारियों के पास चली गई है। अभी भी बजट में कर्जा बढ़ाने की बात कहीं है। फसलों के दाम बढ़ाने और प्रोत्साहन देने की कोई बात बजट में नहीं हुई है। नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत है। प्रशासन की कलम कैसे चल रही है और आपके प्रति उनका व्यवहार कैसा है। यह सरकार की रीति – नीति को बताती है। जब आंदोलन होंगे तब समस्या का समाधान होगा। 50 प्रतिशत समस्या जिले में रहते हैं। एक महीने में एक बार प्रशासनिक अधिकारी बैठ जाएं तो समस्या का समाधान हो जाएगा। पशुधन को संरक्षित करो। दूध न सही गोबर तो देगी, जो खेतों में डालने के काम आएगी। बड़ी कंपनियां किसानों की जमीन छीनना चाहती है। किसान राजनीतिक पार्टी से दूर रहे। संगठन को मजबूत करें। स्मार्ट मीटर लगाकर बिजली का निजीकरण कर रहे हैं। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी चाहिए। इस किसान पंचायत को प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही, जिला अध्यक्ष घनाराम साहू, पूर्व विधायक जनक लाल ठाकुर ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के अंत में किसान यूनियन ने राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को किसान के सम्मान स्वरूप लकड़ी से बने हल और तीर धनुष भेंट किया। इस अवसर पर महावीर साहू, राम मनोहर, पुष्कल साहू, सुदर्शन ठाकुर, राम निहोरा, हनुमान सिन्हा, दीनदयाल सहित किसान यूनियन के सदस्य उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top