Uttar Pradesh

बूथ की मजबूती पर खास ध्यान देने की आवश्यकता : राकेश सचान

भाजपा के पदाधिकारी

– भाजपा ने फूलपुर विधानसभा उप चुनाव को लेकर की बैठक

प्रयागराज, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । फूलपुर उप चुनाव को लेकर सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व प्रभारी मंत्री के साथ फूलपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों की बैठक हुई। फूलपुर के प्रभारी कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि बूथ की मजबूती पर खास ध्यान देने की आवश्यकता है।

वृहस्पतिवार की सायं बैठक में राकेश सचान ने आगे कहा कि पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति कर ली जाए, बूथ अध्यक्ष व प्रभारी बूथ प्रवासी सक्रिय रूप से काम करें। शक्ति केंद्र संयोजक व प्रभारी अपने-अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। मतदाता के हितों का पूरा ध्यान रखा जाये। विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जनता के बीच जाकर उनके झूठ के भ्रमजाल को तोड़ें। हर हाल में चुनाव जीतना है। सभी एकजुट होकर नई ऊर्जा के साथ चुनाव में लग जाएं।

काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने लोकसभा फूलपुर के चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। कहा कि बूथ स्तर पर किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। संगठन को मजबूत बनाने को लेकर जिन बूथों पर कुछ कमियां हों तो उनकी लिस्ट बनाकर विशेष रणनीति के साथ उप चुनाव में उतरें। पूरे मनोयोग उत्साह से हमे संगठन के लिए काम करना है। प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा उप चुनाव में विपक्ष के झूठ को बेनकाब करते हुए जनता के बीच जाएं। केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों योजनाओं की सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं।

गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल ने कहा कि फूलपुर विधानसभा में हम जीत दर्ज करेंगे। लेकिन उसके लिए अभी से ही अपनी-अपनी जिम्मेदारी के साथ लगना होगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्मला पासवान, अमरनाथ यादव, जिला प्रभारी उत्तर मौर्य, सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, विधायक फाफामऊ गुरुप्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक प्रभा शंकर पांडेय, दीपक पटेल, जिला महामंत्री मनोज निषाद, जिला उपाध्यक्ष राम पलट पटेल, अनिरुद्ध पटेल, कन्हैया लाल पांडेय, अश्विनी कुमार द्विवेदी, मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कांत उपाध्याय, अशीष भारतीय, राजेश केसरवानी, सन्तोष शुक्ल, मीडिया प्रभारी बृजेश कुमार त्रिपाठी, उमेश तिवारी, निमिष खत्री सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top