HimachalPradesh

सिरमाैर के सतौन में 5.85 करोड़ से बनेगा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल : हर्षवर्धन चौहान

नाहन, 21 मई (Udaipur Kiran) ।उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार काे शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतौन में 5 करोड़ 85 लाख रुपए से प्रथम चरण में निर्मित होने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का विधिवत भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए बधाई देते हुए कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी शैक्षणिक पहल है, जिसके माध्यम से राज्य के सरकारी स्कूलों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं भी मिल सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाए। जिसके फलस्वरूप आज प्रदेश में 18 से 20 डे-बोर्डिंग स्कूलों पर कार्य प्रगति पर है तथा अन्य स्थानों पर प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि आज सतौन में भी इस स्कूल हेतु पहले चरण में 5 करोड़ 85 लाख रुपए के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में दूरदर्शी कदम है, जो सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, रेसिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल, और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top