
राजगढ़,14 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । विधानसभा 2023 के चुनाव में ऐतिहासिक जनआशीर्वाद से हमें राष्ट्रवादी सरकार प्राप्त हुई। मध्यप्रदेश के मन मेें मोदी और मोदी के मन में एमपी का नारा चरितार्थ हुआ था। सरकार का प्रथम वर्ष मध्यप्रदेश में सुशासन, विकास और विरासत के संवर्धन के लिए समर्पित रहा। यह बात शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली डाॅ.मोहन यादव सरकार के सफलतम सुशासन के एक साल पूर्ण हो गए, उनका एक साल बेमिसाल रहा। मंत्री कंसाना ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ गौरवशाली सम्पन्न एवं विकसित मध्यप्रदेश की संकल्पना को साकार करने ईमानदार प्रयास किया है। प्रदेश के सीएम डाॅ. मोहन यादव ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की उन्नति के लिए किसान, गरीब, महिला और युवाओं के लिए सफलता के द्वार खोल दिए है, इससे इनके जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।
इस मौके पर राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने कहा कि राज्य सरकार के सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण पर्व शुरु किया गया है। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नागरिकों को लाभान्वित किया जाएगा। जनकल्याण पर्व में विभिन्न विभागों की गतिविधियां, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ जनकल्याण के प्रमुख कार्य किए जाऐंगे। इस दौरान राज्यमंत्री पंवार ने जिले में कृषि महाविधालय, राजगढ़ में कृषि उपज मंडी शुरु करने की मांग रखी।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने बताया कि प्रदेश में भाजपा की डाॅ. मोहन यादव सरकार ने एक वर्ष में प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए है, जिसमें गरीब, किसान और युवाओं के कल्याण के साथ महिला सशक्तिकरण, उधोग, रोजगार, गौरक्षा, कानून व्यवस्था, सिंचाई, नक्सल मुक्त क्षेत्र में अनेकों कार्य कर उपलब्धि हासिल की है। इस मौके पर विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, जिला महामंत्री अमित शर्मा, देवीसिंह, रामचंद्र, श्याम मंडलोई, मनीष जोशी सहित अन्य मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
