
राजगढ़, 20 मई (Udaipur Kiran) । हमारी मातृभूमि पर प्रहार हुआ था तो सबसे पहले राहुल गांधी ने विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री को समर्थन दिया था, पाकिस्तान की ईंट से ईंट बजा दो, विपक्ष आपके साथ है। हमले में तीनों सेनाओं ने जनभावना के साथ कार्रवाई की, जो लड़े उन्हें भुला दिया और जो नही लड़ा वह मंच से हीरो बन रहे है। देवड़ा और विजय शाह सीमा पर होते तो भगोड़ों की लिस्ट में उनका सबसे पहला नाम होता।
यह बात खिलचीपुर के तहसील चैराहा पर मंगलवार को धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व उजामंत्री प्रियवृतसिंह खींची ने कही। ब्लाॅक और नगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। मंच से कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियवृतसिंह खींची ने भाजपा सरकार और नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनी थी लेकिन जीत के बाद वह कैसी जनसेवा कर रहे है,यह किसी से छिपी नही है। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। वोट लेने के दौरान किसान के बेटे और गरीबों के हितैषी बन जाते है और बाद में लूट मचा देते है।
उन्होंने आॅपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस काल में जो मिसाइल, तकनीकी संसाधन मिले थे वहीं आतंकी ठिकानों को नष्ट करने में काम में आए। उन्होंने कहा कि लड़ी सेना, जान गवाई जवानों ने लेकिन नाच भाजपा के नेता रहे है। जो लड़े उन्हें भुला दिया और जो नही लड़े वह मंच पर हीरो बन रहे है। देवड़ा और विजय शाह सीमा पर होते तो भगोड़ों की लिस्ट में सबसे पहले उनका नाम होता। मंत्री विजय शाह और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सेना के प्रति जो अपमानजनक शब्द कहे है वह निंदनीय है। कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री खींची ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के पहले सड़क निर्माण का काम तेजी से चल रहा था और परिणाम आते ही काम अचानक बंद हो गया। कांग्रेस अब हर मोर्चे पर जनता की आवाज बनेगी और भाजपा की नीतियों का विरोध करेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
