Madhya Pradesh

राजगढ़ः पूर्व विधायक बलरामसिंह गुर्जर का निधन

बलरामसिंह गुर्जर का निधन

राजगढ़,19 सितम्बर (Udaipur Kiran) । ब्यावरा के पूर्व विधायक बलरामसिंह गुर्जर का निधन हो गया, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर गृह गांव जरकड़ियाखेड़ी में किया गया, जहां उनके पुत्र जसवंत गुर्जर, जगदीश गुर्जर और भरत गुर्जर ने मुखाग्नि दी। पूर्व विधायक की अंतिम यात्रा में जिले सहित आसपास के जिले से लोग शामिल हुए। वह जिले के एकमात्र एसे अपराज्य राजनीतिक योद्वा रहे जिन्होंने व उनके परिवार ने राजनीतिक क्षेत्र में कभी पीछे मुड़ कर नही देखा।

सरपंच,जनपद सदस्य, मंडी सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष व विधायक तक का सफर उनके परिवार ने बिना पराजय के किया। पूर्व विधायक श्री गुर्जर हृदयाघात होने से पिछले कुुछ दिनों से अस्वस्थय चल रहे थे, जिन्होंने बीती रात अंतिम सांस ली। 1994 में बलरामसिंह गुर्जर अपने क्षेत्र से जनपद सदस्य बने फिर जनपद अध्यक्ष और 1998 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी से विधायक चुने गए। बेहतरीन छबि और कार्य के अनुरुप जनता के दिलों पर उन्होंने राज किया। ब्यावरा का नवीन सिविल अस्पताल उनकी देन है। श्रद्वांजलि सभा में राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने कहा कि वह हमेशा सत्य बोलने वाले नेता थे आज ब्यावरा विधानसभा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि हमने आज राजनीति का हीरा खो दिया, उन्होंने प्रदेश और जिले की राजनीति में एक अलग मिसाल पेश की थी। विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा ने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में इतने लंबे समय तक कार्य करने के बाद भी उनकी बेदाग छवि रही। खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि जिले में उन्होंने जो काम किया है वह हमेशा याद रखा जाएगा। पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव ने कहा कि पूर्व विधायक बलरामसिंह ने अपना जीवन सादगी के साथ जिया और जो भी उनके पास गया उसकी हमेशा उन्होंने मदद की। पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा कि लोागों की मदद करने में बाबूजी ने कभी समाज का बंधन नही रखा।

संघ अधिकारी महेश यादव ने कहा कि बाबूजी धार्मिक प्रवृति के थे उन्होंने हिन्दू समाज के लिए आगे बढ़कर काम किया। श्री बलरामसिंह गर्जुर ने राजनीतिक शुरुआत 1994 में जनपद सदस्य का चुनाव लड़कर की वह कांग्रेस पार्टी से विधायक बने। 2000 में उन्होंने अपनी पत्नी को अपने क्षेत्र का जनपद सदस्य बनाया, 2005 में उनके ज्येष्ठ पुत्र जसवंत गुर्जर जनपद सदस्य बने। 2009 में लोकसभा चुनाव में जसवंत गुर्जर ने भाजपा का दामन थामा और 2015 में गायत्री जसवंत गुर्जर जिला पंचायत अध्यक्ष बनी, 2022 में पुत्र जगदीश गुर्जर की पत्नी राधाबाई गुर्जर निर्विरोध ब्यावरा जनपद पंचायत की अध्यक्ष चुनी गई। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर, पुरुषोत्तम दांगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश पुरोहित, वरिष्ठ समाज सेवी अशोक त्रिपाठी, भाजपा जिला महामंत्री अमित शर्मा, विहिप जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अन्य नेतागण मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक

Most Popular

To Top