
राजगढ़, 20 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रविवार को जिले के 25 ग्रामों में एक साथ जल संरचनाओं का जीर्णोंद्वार किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बारिश से पहले जल स्त्रोतों को तैयार कर वर्षा जल को संरक्षित करना है।
जिला कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया। इस दौरान जल सरंचनाओं की सफाई और मरम्मत का कार्य किया गया। अभियान में मेहराजपुरा, बटेरिया, दोगड़ा, पड़लिया, चिबड़िया, चाठा, रावतपुरा, डोबी, डालपुरा, धामनिया, नारायणघाटा सहित 25 ग्रामों में एक साथ श्रमदान किया गया। इन ग्रामों में तालाब, कुएं, बावड़ियां और परकोलेशन टेंक की साफ-सफाई की गई साथ ही आवश्यकतानुसार मरम्मत की गई। इस पहल से जलस्त्रोतों की क्षमता बढ़ेगी, ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ेगी, इस सामूहिक प्रयास से जल संकट जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान संभव होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
