
राजगढ़,20 मई (Udaipur Kiran) । ब्यावरा नगर में स्थित गायत्री मंदिर में भारत माता की आरती की गई इसके साथ ही महिलाओं ने मंगलवार को हाथ में तिरंगा लेकर नगर में यात्रा निकाली, जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर सत्कार किया गया। भारत शक्ति यात्रा गायत्री मंदिर से शुरु होकर एसडीएम निवास, जगात चैक, सुभाष चैक और मैन मार्केट से होते हुए पीपल चैराहे पर पहुंची।
पीपल चैराहे पर आयोजित सभा में प्रजापिता ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्वविधालय की संचालिका लक्ष्मी दीदी ने कहा कि हम सब पहले भारत माता की संतान है। उन्होंने कहा कि वीर सपूतों ने माता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौंछावर कर दिया, भारत हमेशा से ही शांति की बात करता है लेकिन चुनौती मिलने पर मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार रहता है। इस मौके पर किन्नर समूह की गुरुमाता रीना नायक ने शहीदों को श्रद्वांजलि अर्पित की और कहा कि सिंदूर केवल एक रंग नही है, यह त्याग, प्रार्थना और बलिदान का प्रतीक है साथ ही आॅपरेशन नारी सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में डाॅ.नमिता जैन ने कारगिल युद्व के दौरान भारतीय सेना के द्वारा चलाए गए विभिन्न सैन्य अभियानों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए ऑपरेशन सिंदूर जैसे कई अभियान चलाए जाएंगे। कार्यक्रम में आभार महिला समन्वय की विभाग प्रमुख तृप्ति शर्मा ने व्यक्त किया।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
