Chhattisgarh

धमतरी : शहर में वर्षा जल निकासी मार्ग जाम

श्यामतराई कृषि उपज मंडी प्रवेश द्वार के बाजू नाली में इस तरह से रख दिए गए हैं टायर।

धमतरी, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । धमतरी शहर के विभिन्न स्थानों पर वर्षा जल के निकासी के लिए नालियों का निर्माण किया गया है।

निकासी मार्ग अवरुद्ध होने से वर्षा जल का बहाव समुचित रूप से नहीं हो पा रहा है, इसके चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने निकासी मार्ग अवरुद्ध करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

वर्षा ऋतु में वर्षा जल की समुचित निकासी के लिए कई स्थानों पर निकासी नालियां बनाई गई है। इसके अलावा प्राकृतिक रूप से भी वर्षा जल का बहाव होता है। निकासी मार्ग में टायर व अन्य सामग्रियों के रख दिए जाने से निकासी मार्ग अवरूध्द होता है। कई स्थानों पर पानी भरने लगता है। इसके चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वर्षा थमने के दो से तीन दिन बाद भी वर्षा जल की समुचित रूप से निकासी नहीं हो पाई है। आम नागरिक खासे परेशान हैं। धमतरी शहर के पंचवटी कालोनी से लगे हुए गंगा विहार कालोनी में अभी तक वर्षा जल की समुचित रूप से निकासी नहीं हो पाई है। वार्ड के लोगों को लगभग 300 मीटर दूरी तक पानी को पार करके मुख्य मार्ग तक आना पड़ रहा है। इसी तरह श्यामतराई कृषि उपज मंडी के पास निकासी नाली मार्ग में टायर को रखकर नाली को जाम कर दिया गया है। सोरिद वार्ड के विकेश कुमार देवांगन, जयकुमार साहू, श्याम साहू, प्रेम कुमार साहू का कहना है कि निकासी मार्ग को अवरोध किया जाना किसी भी स्थिति में सही नहीं है। इससे पानी का बहाव रुक जाता है। नालियों को जाम नहीं करना चाहिए।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने कहा कि निकासी मार्ग को अवरुद्ध करना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। निकासी मार्ग में टायर व अन्य सामग्री रखकर नाली जाम करने वालों के खिलाफ निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top