Chhattisgarh

धमतरी में गरज-चमक के साथ फिर हुई झमाझम बारिश

अंचल में हुई तेज बारिश।

धमतरी, 16 मई (Udaipur Kiran) ।अंचल में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार शाम गरज-चमक के साथ अंचल में फिर जमकर बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया। रबी धान फसल की कटाई-मिंजाई नहीं कर पाने वाले किसानों की धड़कनें तेज हो गई है। हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से काफी राहत मिली है। दिन का तापमान 38 डिग्री तक चढ़ा। धूप से लोग बेहाल रहे। अंचल में पड़ रही भारी गर्मी व उमस से बचने लोग तरह-तरह जतन कर रहे थे। सिर पर गमछा ढककर लोग चल रहे थे। युवतियां व महिलाएं स्कार्फ लगाकर चल रही थी। घरों व दफ्तरों में कूलर, एसी व पंखा चलने के बाद भी गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल रही थी।

मौसम अन्य दिनों की तरह रहा, लेकिन शाम को अचानक मौसम में बदलाव हुआ। भारी गरज-चमक के साथ अंचल में बारिश शुरू हो गई। आंधी-तूफान से कई जगह पेड़ गिरे। बारिश का सिलसिला रात आठ बजे तक चलता रहा। जबकि बारिश शाम पांच बजे से ही शुरू हो गई थी। यह बारिश पूरे जिले में रूक-रूककर हो रही थी। भारी बारिश से एक बार फिर शहर की गलियों व चौक-चौराहों पर पानी भर गया। शहर के देवश्री टाकिज रोड, रत्नाबांधा, बाम्बे गैरेज, ब्रम्हचौक, कोलियारी पुल समेत कई जगह पानी भरा रहा। निकासी नहीं होने से आवाजाही प्रभावित रहा। लोगों को बारिश थमने के साथ बरसाती पानी के निकासी होने का इंतजार रहा। रात में बारिश बढ़ने से लोग जगह-जगह फंसे रहे। बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और अपने गतंव्य तक पहुंचे। गरज-चमक के साथ अंचल में हुई अच्छी बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। वातावरण रात में ठंडा रहा। रबी सीजन में धान फसल लेने वाले कई किसानों के धान फसल पककर खेतों में तैयार है। कटाई-मिंजाई जारी है। क्षेत्र के ग्राम कोलियारी, अछोटा, कलारतराई, अमेठी, दर्री, दोनर, देवपुर समेत कई गांवों के खेतों में रबी धान फसल पककर तैयार है। कुछ जगहों पर कटाई-मिंजाई जारी है, लेकिन अब बेमौसम बारिश होने से कटाई-मिंजाई फिर से प्रभावित हो जाएगी।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top