
जयपुर, 2 मार्च (Udaipur Kiran) । प्रदेश में 3 मार्च को भी एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम राजस्थान के कुछ शहरों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 10 शहरों का दिन का पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 34.3 डिग्री के साथ भीलवाड़ा और 21.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 मार्च को गंगानगर, हनुमानगढ़ व आसपास के क्षेत्र में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने तथा राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। आगामी 48 घंटो में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने तथा 4 मार्च से उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। 4-5 मार्च को बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं पुनः तापमान 8-10 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है। 7 मार्च से आगामी सप्ताह न्यूनतम व अधिकतम तापमान में पुनः होगी बढ़ोतरी। सामान्य से 1-2 डिग्री ऊपर दर्ज होने की संभावना।
रविवार को जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवांए चली। इससे दिन के तापमान में गिरावट आई है। बादलों ने किसानों की धड़कने बढ़ा रखी है। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.7 और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आगामी दिनों में जयपुर के तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
