

• तहसील-नगर पालिका प्रमुखों के साथ राहुल गांधी ने किया सीधा संवाद
अहमदाबाद, 07 मार्च (Udaipur Kiran) । अपने दो दिवसीय दौरे पर गुजरात आए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं-नेताओं के साथ ताबड़तोड़ बैठक की। पार्टी के बड़े नेताओं के साथ ही उन्होंने तहसील-नगरपालिका प्रमुखों के साथ सीधा संवाद किया। गुजरात से संगठन वर्ष का ऐलान करते हुए उन्होंने गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के लिए मजबूत प्लान के साथ मैदान में उतरने का कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का शुक्रवार को गुजरात की धरती पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ओर से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एआईसीसी के संगठन प्रभारी महामंत्री केसी वेणुगोपाल, गुजरात के संगठन प्रभारी मुकुल वासनिक, गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल, गुजरात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमित चावडा समेत एआईसीसी के सचिव मौजूद रहे।
अहमदाबाद के राजीव गांधी भवन में प्रथम दिवस महत्व की बैठकों का दौर चला। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष दोशी के अनुसार सबसे पहले पार्टी के पूर्व प्रमुखों, पूर्व नेता प्रतिपक्ष के साथ जिला-शहर के प्रमुखों, तहसील-नगर के प्रमुख के साथ राज्य की प्रमुख समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा कांग्रेस के संगठन, राज्य में कांग्रेस की स्थिति मुद्दों पर मंथन किया गया। इस दौरान राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से राज्य के नागरिकों के लिए न्याय, उनके हक और अधिकार को लेकर राज्य में रचनात्मक-आंदोलानात्मक कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया। राहुल गांधी ने संगठन में व्यापक बदलाव के साथ ही पदाधिकारियों की जवाबदारी के साथ जवाबदेही पर भी जोर दिया। पार्टी राज्य में बेरोजगारी, महंगाई, महिला सुरक्षा, किसानों की समस्या आदि मुद्दों पर रणनीति बनाकर आंदोलन करेगी। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए क्या किया जा सकता है, इस पर राजनीतिक मामलों की समिति के सभी सदस्यों ने राजीव गांधी भवन में चर्चा की। सुझावों के साथ नए कार्यक्रमों के माध्यम से गुजरात के नागरिकों की आवाज को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। जिला अध्यक्षों के साथ संवाद में बूथ तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। उचित रणनीति के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां को लेकर कार्यकर्ताओं को कमर कसने को कहा गया। पार्टी गुजरात में भाजपा को हराने के लिए एक मजबूत योजना के तहत काम करेगी। राहुल गांधी के साथ संवाद कार्यक्रम में 400 से अधिक तहसील-नगर पालिका के प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक में राहुल गांधी के साथ स्थानीय नेतृत्व के साथ कांग्रेस पार्टी की सभी अच्छे-बुरे पासा को लेकर खुले मन से संवाद किया गया। एआईसीसी के संगठन प्रभारी एवं महासचिव केसी वेणुगोपालजी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संगठन वर्ष की शुरुआत गुजरात से की गयी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के गुजरात दौरे के दौरान हुई बैठकें कांग्रेस संगठन की आंतरिक बैठकें थीं, जिसमें हमारा पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने पर था, जिसके लिए राज्य, जिला और तहसील स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कैसे बदलाव किया जाए, इस पर सुझाव मांगे गए, चर्चा की गई। संगठन का फोकस सिर्फ गुजरात पर नहीं बल्कि पूरे भारत पर है। 8-9 अप्रैल को एआईसीसी के होने वाले अधिवेशन में एआईसीसी गुजरात कांग्रेस को रोडमैप तैयार कर सौंपेगा। हर नेता की जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय
