
नई दिल्ली, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने कल दिल्ली में यमुना की स्थिति का जायजा लेने के लिए वहां का दौरा किया। वहां पर उन्होंने स्थानीय लोगों और एक्टिविस्ट के साथ पैदल चलकर और नाव पर सवार होकर यमुना का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि आखिर यमुना की यह दुर्दशा क्यों और कैसे हुई है?
राहुल गांधी ने मीडिया से यह जानकारी साझा करते हुए आज कहा कि अगर आप भी मेरी तरह दिल्ली वासी हैं तो यमुना की दुर्दशा देख कर तकलीफ तो बहुत होती होगी। उन्होंने बताया कि कल सुबह यमुना के किनारे पहुंचकर वहां स्थानीय निवासियों, नाव चालकों और यमुना की स्थिति से चिंतित एक्टिविस्ट्स से चर्चा की।
राहुल ने बताया कि यमुना कचरा, गंदगी, दुर्गंध और सीवेज से भरी पड़ी है, यानि नदी तो कहीं बची ही नहीं है। शोध करने वालों के अनुसार नदी का साफ पानी सीवेज ट्रीटमेंट के लिए निकाल कर सीवेज को ही नदी में ही डम्प कर देते हैं। पहले यमुना में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालु काफी संख्या में आया करते थे लेकिन अब गिनती के लोग आते हैं, वो भी अपने स्वास्थ्य को जोखिम में डाल कर।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सत्ता में आने के बाद से ही केजरीवाल खोखले वादे करते रहे हैं। केजरीवाल कहते थे कि वह यमुना को साफ करेंगे, डुबकी लगाएंगे वरना वोट मत देना, और न जाने कितने लंबे लंबे भाषण। और आज फिर से आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए यमुना के पानी की बोतल लिये बैठे हैं।
राहुल ने कहा, ये सिर्फ यमुना का अपमान नहीं, दिल्ली की जनता के जीवन के साथ सालों से चल रहा खिलवाड़ है। यमुना की यह भयावह स्थिति मोदी और केजरीवाल सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार के संगम का नतीजा है।
—————
(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव
