RAJASTHAN

राहुल गांधी देश विरोधी बातें करना बंद करें, अन्यथा जनता माफ नहीं करेगी- केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल

केंद्रीय मंत्री ने मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन किए

दौसा, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शुक्रवार को दौसा जिले के दौरे पर रहे, यहां उन्होंने निहालपुरा गांव में बाबा रामदेव के मेले में शिरकत कर भजन गाए। इसके बाद मेहंदीपुर बालाजी दरबार के दर्शन किए। उन्होंने विशेष पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा विदेश यात्रा के दौरान दिए गए बयान पर कहा कि उनकी आजकल एक आदत हो गई है कि वे विदेश में जाकर हमारे देश की आलोचना करते हैं। यह ठीक आदत नहीं है। वे नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं। वह विदेश जाकर कहते हैं कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं था। यदि ऐसा ही था तो फिर वो चुनाव कैसे जीत गए। कांग्रेस पार्टी की 99 सीट कैसे आ गई। समाजवादी पार्टी के इतने लोग कैसे जीत गए। उनको समझ ही नहीं आ रहा है कि क्या बोल रहे हैं। कभी-कभी तो ऐसा लगता है कि वो खुद ही अपनी आलोचना कर रहे हैं। राहुल गांधी देश को बदनाम करना बंद करें अन्यथा जनता माफ नहीं करेगी।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राहुल गांधी की बीजेपी द्वारा हत्या कराने के बयान पर मेघवाल ने कहा कि भाजपा ने ऐसा कभी नहीं कहा। हम तो कह रहे हैं कि राहुल गांधी की आदत सुधरनी चाहिए, क्योंकि वह नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी समझना चाहिए कि जो व्यक्ति जिम्मेदार पदों पर बैठा हुआ हो उसे विदेश में भारत विरोधी बातें नहीं करनी चाहिए। मेघवाल में राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग हमारे देश के विरोध में अमेरिका की संसद में बोलते हैं, वो उनके साथ फोटो ले रहे व मीटिंग कर हैं। यदि वो ऐसा करेंगे तो हम भी आलोचना करते रहेंगे। वहीं पश्चिम बंगाल के घटनाक्रम पर बोलते हुए कहा कि वहां की घटना देश को शर्मासार करने वाली है। इसकी सभी ने निंदा करते हुए दुख प्रकट किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / चरणजीत

Most Popular

To Top