Jharkhand

जातीय जनगणना के लिए भाजपा को राहुल और खड़गे ने किया विवश : के राजू

कांग्रेस की प्रेस वार्ता की फोटो

रांची, 5 मई (Udaipur Kiran) ।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने कहा है कि राहुल गांधी और मल्ल्किार्जुन खड़गे ने भाजपा को देश में जातीय जनगणना कराने के लिए विवश किया है। भाजपा जातिगत जनगणना के पक्ष में नहीं थी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना कराने की लड़ाई में जीत का पहला पड़ाव हम पार कर चुके हैं। जातिगत जनगणना के कई पहलुओं के लिए अभी संघर्ष करना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मानती है कि जातिगत जनगणना के बगैर हम देश में समानता नहीं ला सकते। इससे हमें मालूम होगा कि किस समुदाय को कितना हक मिल रहा है और संसाधनों पर उनका कितना हक है।

तेलंगाना मॉडल को अपनाए सरकार

उन्होंने कहा कि भाजपा जातिगत जनगणना की मांग को खारिज करती रही और इसके विरोध में देश में माहौल बना रही थी।

प्रभारी ने कहा कि जातिगत जनगणना का तेलंगाना मॉडल सरकार को अपनाना चाहिए। जनगणना की समय सीमा तय करने के साथ सूचनाओं संख्याओं को सार्वजनिक करने का प्रावधान हो। जातिगत जनगणना एक ऐतिहासिक मोड़ है और यह राहुल गांधी की जीत है। इससे देश में एसटी, एससी और ओबीसी के सामाजिक आर्थिक परिवर्तन का नया अध्याय इससे शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि संविधान बचाओ अभियान के तहत हम प्रमुख मांगों को सामने रखेंगे। 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को समाप्त करना पिछले 11 वर्ष में एसटी, एससी क्षेत्र में बजट के प्रावधान कम हुए हैं। इन क्षेत्रों में संख्या के आधार पर विकास के लिए बजट तय हो जिस तरह आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान की राज्य सरकारों ने किया।

कांग्रेस कार्य समिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा भाजपा सिर्फ जुबान से ही जातिगत जनगणना की विरोधी नहीं थी, बल्कि सदन और न्यायालय तक में इसका विरोध किया। जातिगत जनगणना की बात करने पर हमें तालिबानी फौजी कहा गया। लगातार इस मुद्दे पर विरोध करने वाली भाजपा ने हर बार की भांति अचानक यू टर्न लेकर यह फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संविधान बचाओ रैली विजय सभा के रूप में होगी। राहुल गांधी के प्रयासों से कांग्रेस ने जातिगत जनगणना की लड़ाई को जीतकर विजय पताका लहराया है। यह कांग्रेस के अनवरत संघर्ष का परिणाम है कि समाज को जीत मिली।

मौके पर सह प्रभारी सीरीबेला प्रसाद,दीपिका पांडे सिंह डॉ इरफान अंसारी, बंधु तिर्की, सुबोधकांत सहाय, प्रदीप कुमार बालमुचू, राजेश ठाकुर,राकेश सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top