
वाराणसी, 24 मई (Udaipur Kiran) । पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होलकर की जन्म त्रिशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के रोहनिया स्थित केशरीपुर कार्यालय पर शनिवार को एक चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी महारानी अहिल्याबाई के प्रेरणादायक जीवन और उनके धार्मिक व सामाजिक योगदान को समर्पित थी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा ने किया। उन्होंने जिला और मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महारानी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाने वाले चित्रों की सराहना की।
एमएलसी हंसराज ने कहा कि पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होलकर ने न केवल प्रशासनिक दृष्टि से उत्कृष्ट कार्य किए, बल्कि काशी विश्वनाथ से लेकर सोमनाथ तक अनेक प्रमुख मंदिरों का भी जीर्णोद्धार कराया था।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, जिलामंत्री अश्वनी पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष मिलन मौर्य, गौरव सिंह पटेल, जितेंद्र केसरी, अवधेश उपाध्याय सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
