
रायपुर, 23 नवंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में अनवरत धान खरीद का सिलसिला जारी है। 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीद अभियान में अब तक 6.76 लाख मीट्रिक टन धान खरीद हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.44 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीद के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 1288 करोड़ 55 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। धान खरीद का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने आज शनिवार काे बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीद अनुमानित है। अधिकारियों ने बताया कि 22 नवम्बर को 24602 किसानों से 1.22 लाख मीट्रिक टन धान खरीद हुई है। इसके लिए 25840 टोकन जारी किए गए थे।
(Udaipur Kiran) / चन्द्र नारायण शुक्ल
