
देहरादून, 12 मार्च (Udaipur Kiran) । श्रीगुरु राम राय दरबार साहिब में श्रीझंडे जी के आरोहण में शामिल होने के लिए पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से 150 सदस्यीय पैदल जत्था बुधवार शाम साढ़े पांच बजे दरबार साहिब पहुंचा। यहां परिसर में संगत का स्वागत किया गया। दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को दर्शन दिए और उनकी अगुआई में संगत ने श्रीझंडे जी साहिब पर अरदास की।
पंजाब के विभिन्न हिस्सों से 150 सदस्यीय पैदल संगत का जत्था बुधवार शाम को दरबार साहिब पहुंचा। शाम 5ः30 बजे दरबार साहिब देहरादून के दर्शनी गेट पहुंचते ही पैदल संगत का पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों की थाप के साथ दूनवासियों व दरबार गुरु राम राय महाराज, प्रबन्ध समिति व झंडा मेला आयोजन समिति ने जोरदार स्वागत किया। दर्शनी गेट व दरबार साहिब परिसर में दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में पुष्प वर्षा के बीच संगत का जोरदार स्वागत हुआ।
श्री महाराज ने संगत को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। श्री दरबार साहिब परिसर व निकटवर्ती समूचा क्षेत्र गुरु राम राय महाराज के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
दरबार साहिब के मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने जानकारी दी कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी झण्डे आरोहण व मेले का साक्षी बनने के लिए पंजाब की पैदल संगत दरबार साहिब पहुंची है। दरबार साहिब में पैदल संगत के पहुंचते ही झण्डे मेले की दिव्यता और भव्यता में चार चांद लग गए हैं। श्री दरबार साहिब में संगतों ने बुधवार शाम को ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया व गुरु राम राय महाराज की महिमा का गुणगान किया।
श्री दरबार साहिब प्रबंधन की ओर से बुधवार दोपहर 3.15 बजे संगत का स्वागत प्राइमरी स्कूल कांवली में किया गया। शाम 5ः30 बजे दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में दर्शनी गेट पर व श्री दरबार साहिब परिसर में संगत का भव्य स्वागत किया गया।
गुरु राम राय लक्ष्मण संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ पैदल संगत का स्वागत किया। पैदल संगत के दरबार साहिब में पहुंचते ही रौनक में चार चांद लग गए हैं। इस प्रकार बुधवार से दरबार साहिब में देश-विदेश से आने वाली संगत के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। संगतों एवम् श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। 18 मार्च को परंपरा के अनुसार पूरब की संगत की विदाई होगी। 19 मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के साथ ही इस साल के लिए श्री झण्डे जी मेले का शुभारंभ हो जाएगा।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक झण्डा मेला आयोजन प्रबन्धन समिति एवम् पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की मेला तैयारियों को लेकर बैठक हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मेले की तैयारियों पर चर्चा की। श्री झण्डा मेला आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मेले की तैयारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
मधुसूदन सेमवाल ने जानकारी दी कि संगतों के ठहरने व भोजन आदि की समुचित व्यवस्था कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से मेले की हर गतिविधि पर नज़र रखी जाएगी। 19 मार्च झण्डा आरोहण मुख्य कार्यक्रम के सुगम संचालन के लिए मेला आयोजन समिति व पुलिस प्रशासन ने आवश्यक बिन्दुओं पर महत्वपूर्णं निर्णय लिए।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
