Punjab

पंजाब के सीएम भगवंत मान को अस्पताल से मिली छुट्टी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, 29 सितंबर (Udaipur Kiran) । पंजाब के मोहाली में स्थित फोर्टिस हार्ट अस्पताल में उपचाराधीन सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान को रविवार दोपहर बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डाक्टरों ने उन्हें अगले दो दिनों तक घर में आराम करने की सलाह दी है। इसके बावजूद मान ने अस्पताल से आते ही अपने आवास पर बैठक बुला ली। भगवंत मान के अस्पताल जाने के बाद से ही पंजाब में मुख्यमंत्री बदले जाने की अफवाह जोरों पर है।

भगवंत मान पहले 13 सितंबर को उस समय दिल्ली गए थे, जब पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली शराब पॉलिसी मामले में जमानत मिली थी। इसके बाद जब वह 17 सितंबर को चंडीगढ़ वापस आए थे, तो उनकी एयरपोर्ट पर तबीयत बिगड़ी थी। उस समय उन्हें दिल्ली ले जाया गया था। इसके बाद 19 सितंबर से लगातार सक्रिय थे। इस दौरान उन्होंने कई मीटिंग में हिस्सा लिया। लुधियाना में रैलियां भी कीं। साथ ही मंत्रिमंडल में फेरबदल तक हुआ।

दोबारा उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद बीती 26 सितंबर की रात उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल द्वारा जारी मीडिया बुलेटिन में बताया गया कि पल्मोनरी ऑर्टरी में बढ़ते ब्लड प्रेशर की समस्या अब ठीक है। सीएम की ब्लड टेस्ट रिपोर्ट में लेप्टोस्पायरोसिस पाए जाने के बाद उन्हें एंट्री बायोटिक्स पर रखा गया था। करीब तीन दिन के उपचार के बाद रविवार को दोपहर बाद भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इससे पहले आप नेता एवं राज्य सभा सांसद संदीप पाठक, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा तथा कई कैबिनेट मंत्री मुख्यमंत्री से मिलने आज सुबह अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से निकलते ही सीएम ने अपने आवास पर एक बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें मंडियों में धान की खरीद को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top