HEADLINES

पंजाब मंत्रिमंडल का विस्तार, पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया व मुख्यमंत्री भगवंत मान नए मंत्रियाें के साथ

चंडीगढ़, 23 सितंबर (Udaipur Kiran) । पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने सोमवार की शाम चंडीगढ़ स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच विधायकों को कैबिनेट मंत्री के पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इससे पहले रविवार को बदले हुए राजनीतिक घटनाक्रम में पंजाब के चार मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे तुरंत प्रभाव से स्वीकार भी कर लिया गया।

117 विधायकों वाली पंजाब विधानसभा में अभी तक मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत पहले 15 मंत्री हैं। मंत्रिपरिषद में कुल 18 मंत्री हो सकते हैं। सोमवार को हुए विस्तार के साथ राज्य में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या 16 हो गई है।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में सबसे पहले लुधियाना जिले के साहनेवाल विधानसभा हलके से विधायक हरदीप सिंह मुंडिया को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई। इसके बाद लहरागागा विधानसभा हलके से पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल को हराने वाले लहरागागा से विधायक बरिंदर कुमार गोयल, खन्ना के विधायक तरनप्रीत सिंह सोंध, शाम चौरासी के विधायक डॉ. रवजोत सिंह तथा सबसे अंत में जालंधर पश्चिमी सीट से हाल ही में विधायक बने महिंद्र भगत को कैबिनेट मंत्री के पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मंत्रिमंडल विस्तार से कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने भरोसेमंद ओएसडी ओंकार सिंह को भी हटा दिया है। हालांक,ि इसकी वजह साफ नहीं हो पाई है। इससे पहले रविवार को पंजाब के वाटर सप्लाई एवं सेनीटेशन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा, सूचना, जनसंपर्क, खनन एवं भू विज्ञापन मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा, पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान तथा स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने अपने पदों से इस्तीफा दिया था।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top