

रामगढ़, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । रामगढ़ डीसी चंदन कुमार ने रविवार को सदर अस्पताल में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने नवजात शिशु को पोलियो की खुराक पिलाई। साथ ही जिले वासियों से पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक जरूर पिलाने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि पूर्व में लोगों में पोलियो को लेकर कई भ्रांतियां थीं लेकिन धीरे-धीरे लोगों को जागरुक कर हमने पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाया है। उन्होंने जिले में पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन को लेकर सभी अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लेने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर महालक्ष्मी प्रसाद ने 27 अगस्त तक जिले में चलने वाले पल्स पोलियो अभियान एवं लक्ष्य की प्राप्ति के लिए तैयार किए गए माइक्रो प्लान की जानकारी दी। राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ उमा सिन्हा ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की बात कही। साथ ही हाउस टू हाउस विजिट कर कार्य पूर्ण करने सहित अन्य आवश्यक जानकारियां दी। उपाधीक्षक सदर अस्पताल एवं डीआरसीएचओ ने भी आवश्यक जानकारियां दीं।
1.80 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिन यानी 25 अगस्त को अभिभावक बूथ पर जाकर अपने बच्चे को पोलियो की खुराक पिला सकते हैं। 26 एवं 27 अगस्त को सहियाओं व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य किया जाएगा। पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के लगभग 01 लाख 79 हज़ार 692 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जानी है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 1067 बूथ बनाए गए हैं। वहीं, 2300 टीकाकर्मियों एवं 153 पर्यवेक्षकों को कार्य में लगाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से एसीएमओ, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, डीएमओ, डीएमपीयू टीम, एएनएम, जीएनएम, सहियाओं सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश / चन्द्र प्रकाश सिंह
