Uttar Pradesh

जनता जान चुकी है इंडी अलायंस का झूठ : भूपेन्द्र चौधरी

भूपेन्द्र सिंह चौधरी

लखनऊ, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष की विभेदकारी और संविधान विरोधी नैरेटिव को देश की जनता ने नकार दिया है, इमरजेंसी लगाकर संविधान को सूली पर टांगने वाली कांग्रेस और इंडी अलायंस का झूठ जनता जान चुकी है, उसे मोदी और उनके कामों पर भरोसा है।

भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में पहले ऐसे ग़ैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं जिन्हें जनता ने लगातार तीसरी बार देश की बागडोर सौंपी है।

यह इसलिए भी संभव हुआ है कि मोदी के नाम का दूसरा पर्याय भरोसा बन गया है। देशवासियों को मोदी की नीतियों और कार्यों पर विश्वास है। उनके वादे उनकी गारंटी हैं, वे जो कहते हैं उसे पूरा करके दिखाते भी हैं।

वे भारत के इकलौते ऐसे नेता हैं जो पिछले 22 वर्षों से लगातार जनसेवा और जन सरोकारों से जुड़े हुए हैं। 12 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात को उन्होंने न केवल वाइब्रेंट बनाया बल्कि उसे भारत की दूसरी आर्थिक राजधानी के रूप में भी विकसित किया। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार का पिछले 10 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों की सेवा और वंचितों का सम्मान केन्द्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे विश्व में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व का भारत पर भरोसा मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार दलितों, वंचितों को मुख्यधारा से जोड़ने, संवैधानिक अधिकार, समाजिक न्याय और सभी को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। अपने तीसरे कार्यकाल के 100 दिन में मोदी सरकार ने 15 लाख करोड़ की योजनाएं शुरू कीं, टैक्स राहत दी और किसानों के खाते में 3 लाख करोड़ रुपए पहुँचाने का काम किया है। आज देश की आंतरिक सुरक्षा और बाहरी सुरक्षा मजबूत है। इकॉनमी सभी 14 पैमानों पर खरी उतरी है। आज हमारी इकॉनमी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन यादव

Most Popular

To Top