RAJASTHAN

जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम है दिल्ली की जीत: मदन राठौड़

जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम है दिल्ली की जीत: मदन राठौड़
जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम है दिल्ली की जीत: मदन राठौड़

जयपुर, 8 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओ की मेहनत का नतीजा है। दिल्ली की जनता ने झूठे वादे करने और आश्वासन देने वालो को कड़ा जवाब दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता के विवेक, साहस और संकल्प की जीत है। लंबे समय से दिल्ली की जनता एक ईमानदार और विकासोन्मुख सरकार की प्रतीक्षा कर रही थी, और आखिरकार उन्होंने भाजपा को सत्ता सौंपकर उस इंतजार को समाप्त किया। यह जनता की जीत है जिसने अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लिया है, और यह फैसला दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

मदन राठौड़ ने इस जीत को दिल्ली के जन-जन की आशाओं और आकांक्षाओं की जीत करार दिया, जिनकी आवाज़ को बरसों से अनसुना किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह जीत उस महाठग कंपनी से आजादी की जीत है जिसने बरसों तक दिल्ली की जनता को छलने का काम किया। आम आदमी पार्टी (आप) और अरविंद केजरीवाल की सरकार ने केवल वादे किए, लेकिन उनके शासन में दिल्लीवासी भ्रष्टाचार, घोटालों और असफलताओं के जाल में फंसते चले गए। जनता ने अपने विवेक से उस ठग व्यवस्था को जड़ से उखाड़ फेंका है, और अब दिल्ली एक नई दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल नारों और भाषणों के बल पर नहीं, बल्कि अपने कामों और नीतियों से जनता का दिल जीता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्लीवासियों ने विकास और प्रगति की दिशा में जो कदम बढ़ाया है, वह केवल एक शुरुआत है। दिल्ली अब विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है। उन्होने बताया कि अब यमुना नदी की सफाई का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा और यह मुद्दा भाजपा सरकार की प्राथमिकता में रहेगा। केजरीवाल सरकार ने यमुना की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। अब दिल्ली के लोग भाजपा के नेतृत्व में देखेंगे कि कैसे वास्तविक कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि राजनीति का शुद्धीकरण शुरू हो चुका है। एक बेईमान सरकार को हटाकर दिल्ली की जनता ने ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता की मेहनत की कमाई को अपना महल बनाने में लगा दिया। अब जबकि सरकार बदल चुकी है, जनता के पैसे का हिसाब होगा और शीश महल का भविष्य तय किया जाएगा। यह संभव है कि इसे या तो जनता के हितकारी कार्यों में उपयोग किया जाए या इसे ध्वस्त कर दिया जाए। भ्रष्टाचारियों के लिए जेल ही एकमात्र जगह होगी और उन्हें जनता के पैसों का पूरा हिसाब देना होगा।

मदन राठौड़ ने यह भी जोर दिया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने लंबे समय तक झूठे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित किया। इडी और सीबीआई के जांच को राजनीतिक षड्यंत्र बताकर अपनी करतूतों को छिपाने की कोशिश की गई। लेकिन न्यायालय की कड़ी फटकार के बाद भी इन नेताओं के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। जनता ने अंततः इनकी असलियत को पहचान लिया और इन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। यह जीत उस संघर्ष की जीत है जिसे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके हासिल किया है। भाजपा के शासन में अब दिल्ली में भ्रष्टाचार, अराजकता और धोखाधड़ी की जगह विकास, समृद्धि और जनकल्याण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं है, बल्कि दिल्ली के भविष्य की दिशा का निर्धारण है। अब दिल्ली में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, शिक्षा की गुणवत्ता सुधरेगी, और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। भाजपा ने हमेशा जनता के विश्वास का सम्मान किया है और अब इसे और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली की जनता ने साबित कर दिया है कि जब उनके भविष्य की बात होती है, तो वे झूठे वादों और ठग नीतियों में नहीं फंसते। अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली को आपदाओं से घेरा, लेकिन अब जनता ने उन आपदाओं से मुक्ति पा ली है। इस जीत के साथ दिल्ली का एक नया युग शुरू हो चुका है। भाजपा दिल्ली को एक सशक्त, समृद्ध और विकासशील राजधानी बनाने के लिए कटिबद्ध है। यह जीत उस आशा की जीत है, जहां दिल्ली अब आपदाओं से नहीं, बल्कि विकास, अवसरों और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ेगी। भारतीय जनता पार्टी इस भरोसे को कायम रखेगी और दिल्ली को एक बेहतर और सशक्त राजधानी बनाने का हर संभव प्रयास करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा हर संभव प्रयास करेगी कि दिल्ली के लोग सुरक्षित, खुशहाल और समृद्ध जीवन व्यतीत करें। अब दिल्ली की जनता को भ्रष्टाचारियों से डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भाजपा की सरकार उनके हर कदम पर नकेल कसेगी और उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा करेगी। यह जीत केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास की जीत है।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top