Sports

पीटी उषा ने रखा प्रस्ताव, बोलीं- ‘ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की स्पर्धा को ही राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए जाए‘

नई दिल्ली, 16 जनवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने गुरुवार को प्रस्ताव रखा कि केवल ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में शामिल खेलों को ही भविष्य के राष्ट्रीय खेलों में शामिल करने पर विचार किया जाए। इस कदम का उद्देश्य ‘कई क्षेत्रीय खेलों’ को पदक स्पर्धाओं में शामिल होने से रोकना है। उषा ने कहा कि वह आईओए की अगली आम सभा में इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का इरादा रखती हैं।

आईओए अध्यक्ष ने अपने प्रस्ताव में यह भी कहा कि केवल उन्हीं खेलों को कार्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए जिनकी संचालन संस्था राष्ट्रीय खेलों के शुरू होने से एक साल पहले आईओए के साथ राष्ट्रीय महासंघ के रूप में ‘अच्छी स्थिति’ में हो। इसका मतलब यह हो सकता है कि जिस राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) का खेल राष्ट्रीय खेलों में पदक सूची में शामिल होगा उसे आईओए से मान्यता प्राप्त होना चाहिए और उसके चुनाव भी होने चाहिए। इसके अलावा उसकी स्थिति में कोई कानूनी विवाद नहीं होना चाहिए और संबद्धता शुल्क जमा करना होगा।

उषा ने आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हाल के खेलों में प्रदर्शनी खेलों के रूप में स्वदेशी क्षेत्रीय खेलों को शामिल करना एक उल्लेखनीय विशेषता रही है जिसका उद्देश्य स्थानीय दर्शकों को आकर्षित करना और क्षेत्रीय खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि पिछले खेलों के दौरान कई क्षेत्रीय खेलों को खेल तकनीकी संचालन समिति (जीटीसीसी) द्वारा पदक कार्यक्रम में शामिल किया गया था। आईओए इन खेलों के महत्व को पहचानता है लेकिन प्रदर्शनी और पदक स्पर्धाओं के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देता है।’’ आईओए अध्यक्ष ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता राज्य और केंद्र सरकार की नौकरियों में आरक्षण, मूल वेतन में वृद्धि और पुरस्कार राशि जैसे लाभ के हकदार हैं जिससे पदक स्पर्धाओं को प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में मान्यता प्राप्त खेलों के साथ जोड़ना और भी आवश्यक हो जाता है।

उन्होंने बयान में कहा, ‘‘प्रस्ताव में सिफारिश की गई है कि आगामी ओलंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में शामिल किए गए खेलों को ही राष्ट्रीय खेलों में शामिल करने पर विचार किया जाए, बशर्ते कि आईओए से मान्यता प्राप्त संबंधित राष्ट्रीय महासंघ खेलों के शुरू होने से कम से कम एक वर्ष पहले आईओए के साथ अच्छी स्थिति में हो।’’

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top