
एचएयू में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी आयोजित
हिसार, 4 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज
ने कहा है कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि पृथ्वी केवल हमारी नहीं,
बल्कि सभी जीवों की है। इसलिए इसका संरक्षण करना हमारा नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है और इसका
उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
प्रो. बीआर कम्बोज बुधवार को विश्वविद्यालय के मौलिक विज्ञान एवं मानवीकी महाविद्यालय
में भारत विकास परिषद, वीर शाखा, हरियाणा पश्चिम एवं हकृवि के वानिकी विभाग के संयुक्त
तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर
रहे थे। ‘पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता विषय पर आयोजित यह संगोष्ठी राष्ट्रीय संगठन
मंत्री सुरेश जैन के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। मिशन ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष
योगी सहजानंद संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता
राष्ट्रीय गतिविधि पर्यावरण की सदस्य पूजा अग्रवाल ने की।
कुलपति ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण, औद्योगिक विस्तार और ई-कॉमर्स की
लत ने राज्य में सिंगल यूज़ प्लास्टिक की खपत को कई गुना बढ़ा दिया है। अगर समय रहते
कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो यह बढ़ता प्लास्टिक कचरा न केवल भूमि और जल स्रोतों को प्रदूषित
करेगा, बल्कि स्वास्थ्य और जैव विविधता पर भी गंभीर असर डालेगा। व्यक्तिगत स्तर पर
भी हम पर्यावरण को बचाने के लिए लोगों को जागरुक कर सकते हैं। पानी और बिजली की बचत,
प्लास्टिक का कम से कम उपयोग, पेड़ लगाना, कचरे का निपटान सही तरीके से करना आदि छोटे-छोटे
कदम पर्यावरण की रक्षा में बहुत बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन
ही बल्कि एक चेतावनी और अवसर है। हमें यह समझने के लिए प्रकृति के साथ संतुलन बनाए
रखना हमारी जिम्मेदारी है। अगर हम आज नहीं चेते तो कल बहुत देर हो जाएगी। मुख्य वक्ता मिशन ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष योगी सहजानंद ने कहा कि प्लास्टिक
पॉलिथीन का उपयोग बंद करना बहुत जरूरी है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए बारिश
के मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय गतिविधि पर्यावरण की सदस्य पूजा अग्रवाल
ने कहा कि प्रकृति ने हमें बहुत कुछ दिया है उसका एहसान जीवन में कभी नही उतार सकतें।
उन्होनें कहा कि पर्यावरण का सबसे बडा दुश्मन पॉलीथीन है इसलिए हमें दैनिक जीवन में
कागज या कपड़े के बने थैलों का उपयोग करना चाहिए। उन्होनें संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण
के प्रति शपथ दिलाई।
वानिकी विभागाध्यक्ष एवं मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य ने कार्यक्रम में उपस्थित
सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि विभाग पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के प्रति लोगों
को जागरूक करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। मंच का संचालन क्षेत्रीय संयोजक पर्यावरण
डॉ. सतीश वर्मा ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष (उत्तर क्षेत्र -2) डॉ. परमजीत
पाहवा, प्रांतीय अध्यक्ष राजेश गुप्ता, भारत विकास परिषद से दीपक शर्मा, माणिक मित्तल,
अनूप कुमार, डॉ. रमेश आर्य, डॉ. देवेन्द्र मोहन, संजय भ्याणा, कुलभूषण शर्मा सहित विभिन्न
महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, वैज्ञानिक, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
