मुंबई, 8 मई (Udaipur Kiran) । मुंबई महानगरपालिका ने प्रॉपर्टी टैक्स प्रणाली को सहज बनाने के लिए ऑनलाइन सेवाओं पर बल दिया । संपत्ति मालिकों को ऑनलाइन पंजीकरण कराने के लिए केवाईसी कराने की अपील की गई है। इससे प्रॉपर्टी टैक्स भरने वाले संपत्ति मालिकों को एसएमएस या ई-मेल के जरिए भुगतान संबंधी जानकारियां और समय-समय पर सूचनाएं प्राप्त होंगी।
मनपा ने संपत्ति कर से संबंधित ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। इसका उद्देश्य मुंबई महानगर क्षेत्र में संपत्ति मालिकों को विभिन्न संपत्ति कर से संबंधित सेवाओं का ऑनलाइन लाभ मिल सके और टैक्स भुगतान प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाया जा सके। मनपा की वेबसाइट https://ptaxportal.mcgm.gov.in/CitizenPortal/#/login पर जाकर ऑनलाइन सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। ग्राहक केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। मनपा आयुक्त भूषण गगरानी के निर्देशानुसार संपत्ति टैक्स के संबंध में ऑनलाइन सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। संपत्ति कर मनपा के राजस्व का मुख्य स्रोत है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 10 लाख से अधिक संपत्ति मालिकों को संपत्ति कर भुगतान जारी किया जाएगा। अब तक लगभग 4 लाख संपत्ति मालिकों ने केवाईसी अपडेट के माध्यम से अपनी संपत्तियों को ऑनलाइन अपडेट कर लिया है।
शेष संपत्ति मालिकों को भी केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए ग्राहकों को वेबसाइट पर जाकर संबंधित सभी जानकारियां भरनी होंगी। साथ ही गैस बिल, बिजली बिल, टेलीफोन बिल, हाउसिंग सोसाइटी के लेटरहेड पर आधिकारिक पत्र सहित इन दस्तावेजों को स्कैन करके अपलोड करना होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
