Uttrakhand

हरेला पर्व पर जिलेभर में हुए कार्यक्रम, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गोपेश्वर में के रौली ग्वाड में हरेला पर्व पर पौधरोपण करते हुए।

-हरेला पर जिले में एक लाख से अधिक पौध लगाने का लक्ष्य

गोपेश्वर, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर समेत सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायत स्तर पर मंगलवार को हरेला पर्व के मौके पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पौधरोपण भी किया गया।

हरेला पर्व के दिन जनपद में सभी वन पंचायतों में भी पौधरोपण कार्यक्रम हुए। जिला मुख्यायलय गोपेश्वर में वन प्रभाग के तत्वावधान में राजकीय पॉलिटेक्निक रौली ग्वाड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य विकस अधिकारी अभिनव शाह सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण किया। इस दौरान अखरोट, अनार, चूरा, हरड़, बहेड़ा और चंदन आदि प्रजाति के फलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

मुख्य विकस अधिकारी अभिनव शाह ने हरेला पर्व पर सभी से पेड़ लगाने और उनके संरक्षण के लिए संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और इसके विनाशकारी प्रभावों से बचाने और पर्यावरण संतुलन बनाने में पेड़ पौधे मददगार साबित होते हैं। पौधरोपण से जहां एक ओर हमें स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा, वही जल संकट से भी निजात मिलेगी। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों, नदी एवं सरोवरों के आसपास वृहद स्तर पर पौधरोपण करते हुए उनका संरक्षण भी किया जाए। ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ओम प्रकाश भट्ट ने कहा कि पयार्वरण संरक्षण में जनपद चमोली ने हमेशा अग्रणी भूमिका रही है। बदरीनाथ के उप वन संरक्षक सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि सभी विभागों के सहयोग से हरेला पर्व पर पूरे जनपद में 1.30 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। घेरवाड़ कर इन पौधों का संरक्षण भी किया जाएगा।

हरेला पर्व पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, जल संस्थान, शिक्षा सहित अन्य तमाम विभागों के सहयोग से पूरे जनपद में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया है। हरेला पर्व के शुभारंभ पर आयोजित एक कार्यक्रम में कवयित्री शशि देवली, बाल कवि कार्तिक तिवारी ने कविताओं के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। रेखा राणा ने गीत और देवभूमि कला मंच ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। पीस पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान राजकीय पॉलिटेक्टिक परिसर में पौधरोपण किया गया। हरेला महोत्सव के शुभारंभ के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ताजवर भंडारी, ऊषा रावत, सीमा असवाल आदि मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर चमोली जिले के पोखरी, कर्णप्रयाग, थराली, देवाल, आदि स्थानों पर भी महिला मंगल दल, स्कूली छात्रों, वन विभाग और सामाजिक संगठनों की ओर से पौधरोपण किया गया।

(Udaipur Kiran) / जगदीश पोखरियाल कुमार सक्सैना

Most Popular

To Top