
रामगढ़, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
रामगढ़ जिले में पैक्स में धान की खरीदारी शुरू हो गई है। जिले में बनाए गए कुल 24 पैक्स में किसानों के जरिये धान पहुंचाया जाने लगा है। सबसे बड़ी मुश्किल इस कार्य में दलालों को लेकर होती है। इस बार उन दलालों पर अधिकारियों की पैनी नजर है। मंगलवार को विशेष बातचीत के दौरान डीसी चंदन कुमार ने बताया कि धान अधिप्राप्ति कार्य में किसी भी स्तर पर दलालों की भूमिका नहीं है। अगर कहीं भी दलालों का नाम सामने आता है तो उन पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपए प्रति क्विंटल दे रही है। इसके अलावा 100 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है। इस लिहाज से किसानों को सीधे उनके खाते में 2400 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से रकम की अदायगी होगी। दलाल किसानों से कम कीमत पर धान खरीद कर उसकी बिक्री कर देते हैं। इससे नुकसान किसानों को ही होता है।
डीसी ने बताया कि रामगढ़ जिले में कुल 24 पैक्स बनाए गए हैं। गोला प्रखंड में 5, चितरपुर प्रखंड में 3, रामगढ़ प्रखंड में 2, डुलमी प्रखंड में 5, पतरातू प्रखंड में 4 और मांडू प्रखंड में 5 पैक्स बनाए गए हैं। सबसे विशेष बात यह है कि किसानों को धान अधिप्राप्ति के दौरान तत्काल 50 फ़ीसदी रकम मिल जाएगी। इसके बाद शेष 50 फ़ीसदी रकम पूरी प्रक्रिया संपन्न होते ही उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी। इसमें किसी भी स्तर पर बिचौलियों से सावधान रहने की आवश्यकता है।
डीसी चंदन कुमार ने रामगढ़ जिले के किसानों से अपील की है कि वह अपने धान पैक्स में ही बेचे। दलालों के चक्कर में उन्हें हमेशा नुकसान हुआ है। किसानों की लापरवाही और जानकारी के अभाव का लाभ बिचौलिए उठा लेते हैं। इस बार ऐसा ना हो इसके लिए किसानों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
