हमीरपुर, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा की गई विशेष घोषणा के तहत जिला हमीरपुर में प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की की फसल की खरीद प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। इस फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 30 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के स्टोर परिसर में मक्की की खरीद के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त अमरजीत सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रासायनिक खाद और जहरीले कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग के दुष्परिणामों को देखते हुए, प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती में रासायनिक खाद का प्रयोग नहीं किया जाता, जिससे फसलें सेहत के लिए सुरक्षित और पौष्टिक होती हैं और पर्यावरण का संरक्षण भी होता है।
उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने किसानों से सामूहिक खेती करने और समूहों का गठन करने का आग्रह किया, ताकि फसलों के विपणन में आसानी हो सके और उन्हें अच्छे दाम मिल सकें।
कृषि विभाग की आतमा परियोजना के परियोजना निदेशक डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि पहले दिन लगभग 51.66 क्विंटल मक्की खरीदी गई।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर मक्की के दाम 18 से 20 रुपये प्रति किलो होते हैं, लेकिन प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की को 30 रुपये में खरीदा जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
